फिर आया भूकंप, इस बार पाकिस्तान में था इसका केंद्र, भारत में भी महसूस हुए झटके, इतनी थी इसकी तीव्रता

earthquake 2 (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

श्रीनगर | पाकिस्तान में शनिवार को रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर में भी महसूस किए गए.

मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने आईएएनएस को बताया कि शनिवार को 13:00:55 बजे 33.63 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 72.46 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया.

अहमद ने कहा, “भूकंप का केंद्र पाकिस्तान क्षेत्र में था. भूकंप धरती के 10 किलोमीटर अंदर आया. जम्मू-कश्मीर में भी हल्के झटके महसूस किए गए.”

भूकंप विज्ञान की दृष्टि से कश्मीर घाटी भूकंप-प्रवण क्षेत्र में स्थित है जहां अतीत में भूकंपों ने तबाही मचाई है.

8 अक्टूबर, 2005 को सुबह 8.50 बजे रिक्टर पैमाने पर 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था जिसका केंद्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में था. इसमें नियंत्रण रेखा (एलओसी) के दोनों तरफ 80,000 से अधिक लोग मारे गए थे. अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान, भारत और झिंजियांग क्षेत्र में भी झटके महसूस किए गए थे.

यह दशक की पांचवीं सबसे घातक प्राकृतिक आपदा थी. सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान में इस भूकंप में मरने वालों की आधिकारिक संख्या 73,276 से 87,350 के बीच थी, जबकि कुछ अनुमानों के अनुसार मृतकों की संख्या 1,00,000 से भी ज्यादा थी.

भारत में 1,360 लोग मारे गए थे जबकि 6,266 लोग घायल हुए थे. अफगानिस्तान में चार लोगों की मृत्यु हुई थी.

2005 के भूकंप में साढ़े तीन लाख लोग बेघर हो गए थे लगभग 138,000 लोग घायल हुए थे.

जम्मू-कश्मीर के चिनाब घाटी क्षेत्र में भी पिछले दस वर्षों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इनमें से कुछ घटनाओं में किश्तवाड़ और डोडा जिलों में कई निजी और सरकारी इमारतों में दरारें आ गईं और वे रहने लायक नहीं रहीं.

विशेषज्ञों की सलाह है कि कश्मीर घाटी और चिनाब घाटी क्षेत्र में भूकंप के अनुकूल संरचनाओं का निर्माण किया जाए ताकि भविष्य में भूकंप के दौरान होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!