चाकूबाजी से लाल हुई सड़क! डबल मर्डर से हिल गया यह इलाका, पत्नी और प्रेमी की मौत, पति घायल
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
चाकूबाजी से लाल हुई सड़क! डबल मर्डर से हिल गया यह इलाका, पत्नी और प्रेमी की मौत, पति घायल
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र से शनिवार रात डबल मर्डर की वारदात सामने आई. बताया जा रहा है कि प्रेम संबंधों के विवाद में यह पूरी घटना हुई. एक महिला और एक युवक का शव मिला है, वही महिला का पति गंभीर रूप से घायल है. यह घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर कुतुब रोड (नबी करीम इलाके) में हुई.
मृतकों की पहचान आशू उर्फ शैलेन्द्र (34), पुत्र बॉबी, निवासी ए-34, अमरपुरी, नबी करीम और शालिनी (22), पत्नी आकाश, निवासी बगीची प्रताप नगर, दिल्ली के रूप में हुई है.
घायल व्यक्ति का नाम है आकाश (23). वह शालिनी का पति है.
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:15 बजे आकाश अपनी पत्नी शालिनी के साथ सास शीला से मिलने कुतुब रोड, नबी करीम पहुंचा था. इसी दौरान, ई-रिक्शा में बैठी शालिनी पर आशू ने अचानक हमला कर दिया. उसने चाकू से कई वार किए.
जब आकाश ने देखा कि उसकी पत्नी पर हमला हो रहा है तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ा. इस कारण झगड़ा शुरू हो गया. आशू ने आकाश को भी चाकू मार दिया लेकिन उसने खुद को संभालते हुए आशू को पकड़ लिया और उसी चाकू से उस पर पलटवार कर दिया.
घटना के तुरंत बाद शालिनी का भाई रोहित दोनों (आकाश और शालिनी) को एलएचएमसी अस्पताल लेकर गया जबकि पुलिस ने आशू को भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने जांच के बाद आशू और शालिनी दोनों को मृत घोषित कर दिया और आकाश का इलाज जारी है.
जांच में सामने आया कि शालिनी और आकाश की शादी हो चुकी थी. दोनों के दो बच्चे हैं और शालिनी गर्भवती भी थी. हालांकि, कुछ समय पहले शालिनी का अपने पति से विवाद हुआ था और वह आशू के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी. कुछ समय पहले ही वह आकाश के साथ फिर से रहने लगी जिससे आशू नाराज था.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशू खुद को शालिनी के गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता बता रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पुरुषों के बीच विवाद बढ़ा हुआ था. पुलिस ने यह भी बताया कि आशू नबी करीम थाना क्षेत्र का कुख्यात था, जबकि आकाश के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद किया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
IANS
