AIIMS में कार्यरत डॉक्टर पर महिला से रेप और फिर उसका गर्भपात कराने का आरोप, गिरफ्तार

Arrest IANS (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

गाजियाबाद | गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली AIIMS के एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. डॉक्टर पर एक युवती के साथ रेप और उसका गर्भपात करने का आरोप लगा है.

मामले की मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर ने मैट्रिमोनियल साइट से युवती के परिजनों से कॉन्टैक्ट किया और फिर उससे सगाई की. सगाई के बाद डॉक्टर ने 25 लाख रुपए कैश और कार की डिमांड रखी जिसे युवती का परिवार पूरी नहीं कर पा रहा था.

इसी दौरान उसने युवती के साथ रेप किया और उसके गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात भी कराया. युवती ने इसकी शिकायत गाजियाबाद पुलिस से की. पुलिस ने जांच करने के बाद आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली AIIMS से पीएचडी कर रहे डॉक्टर अमित यादव को गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. डॉक्टर अमित पर गाजियाबाद की एक युवती से सगाई करने, रेप के बाद गर्भपात कराने और फिर ब्लैकमेल करने का आरोप है. पुलिस ने बुधवार को आरोपी डॉक्टर को कोर्ट में पेश किया.

एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि 2 नवंबर को कविनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने इस संबंध में 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एक केस दर्ज कराया था. युवती के मुताबिक, उसने शादी के लिए एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट पर अपना बायोडाटा डाला हुआ था. इसे देखकर 11 मार्च 2023 को अमित यादव नामक शख्स ने युवती के पिता से फोन पर संपर्क किया था. अमित ने घरेलू युवती से शादी करने की इच्छा जाहिर की थी. उसने खुद को दिल्ली में डॉक्टर बताया था.

26 मार्च 2023 को युवती और अमित यादव के परिवार वाले दिल्ली में मिले और शादी पर सहमति बन गई. 27 मार्च को अमित के घर वाले गाजियाबाद आए और रिश्ता पक्का करके शगुन देकर चले गए. 2 अप्रैल को अमित यादव के पैतृक गांव नीरपुर, नारनौल (हरियाणा) में दोनों की सगाई हो गई. इसके बाद लड़के पक्ष ने 25 लाख रुपए और कार की डिमांड की.

पीड़ित युवती का कहना है कि सगाई होने के बाद रुपए-कार की डिमांड पूरी न होने पर अमित यादव और उसके कुछ रिश्तेदार घर पर आए और उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया. अमित यादव पर आरोप है कि उन्होंने लड़की के साथ रेप किया और उनके कुछ अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. इसके बाद युवती गर्भवती हो गई. युवती के गर्भवती होने के बाद अमित पर आरोप है कि उन्होंने उसका गर्भपात करा दिया.

युवती ने बताया कि उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था. तंग आकर उसने 2 नवंबर 2023 को थाना कविनगर में मुकदमा दर्ज कराया.

एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी डॉक्टर अमित यादव को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस शुरुआत में उसको दिल्ली के थाना हौजखास में ले गई. वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसको गाजियाबाद ले आई है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!