राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों में हुई टक्कर के मामले में बड़ा अपडेट, यूपी सरकार ने दिया यह आदेश
फोटो: आईएएनएस
राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों में हुई टक्कर के मामले में बड़ा अपडेट, यूपी सरकार ने दिया यह आदेश
लखनऊ | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां 26 अक्टूबर को सुलतानपुर में आपस में टकरा गई थीं. उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है. डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर यह टीम बनाई गई है. यह टीम हादसे के कारणों, परिस्थितियों और किसी भी तरह की संभावित लापरवाही की जांच करेगी.
इस एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस करेंगे. सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को जांच दल का सदस्य बनाया गया है. तीनों अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच एसआईटी द्वारा की जाएगी. जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा संबंधी चूक सामने आती है तो उससे जुड़े तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा.
डीजीपी ने एसआईटी को घटना के सभी पहलुओं की समग्र जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देने को भी कहा है.
By IANS
डीजीपी ने राहुल गांधी के काफिले में चल रहे वाहनों में हुई टक्कर की जांच के दिए निर्देश
