डीजीसीए का कड़ा एक्शन, एयर इंडिया से कहा- “तीन…..”
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
नई दिल्ली | नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानि डीजीसीए ने एयर इंडिया को सख्त निर्देश दिया है कि वह क्रू शेड्यूलिंग विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दे.
इस पर एयरलाइन ने शनिवार को कहा कि उसने डीजीसीए के निर्देश को स्वीकार कर आदेश को लागू कर दिया है.
जिन अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है उनमें चूरा सिंह (डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट), पिंकी मित्तल (चीफ मैनेजर – क्रू शेड्यूलिंग) और पायल अरोड़ा (क्रू शेड्यूलिंग – प्लानिंग) के नाम शामिल हैं. डीजीसीए ने स्पष्ट किया कि इन अधिकारियों को क्रू शेड्यूलिंग की जिम्मेदारी से तत्काल हटाया जाए.
डीजीसीए ने इन तीन अधिकारियों को अनधिकृत और गैर-अनुपालन वाले क्रू पेयरिंग, अनिवार्य लाइसेंसिंग आवश्यकताओं के उल्लंघन और फ्लाइट क्रू रीसेंसी मानदंडों का पालन करने में विफलता सहित कई उल्लंघनों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है.
यह आदेश उस घटना के कुछ ही दिनों बाद आया है जब अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही क्रैश हो गई थी. इस हादसे में 270 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में न सिर्फ विमान पर सवार लोग थे बल्कि जमीन पर मौजूद कई लोग भी शामिल थे.
डीजीसीए ने अब निर्देश दिया है कि एअर इंडिया तुरंत इन अधिकारियों को उनकी वर्तमान ड्यूटी से हटा दे. यह भी निर्देश दिया गया है कि इन अधिकारियों के खिलाफ आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करे और 10 दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट सौंपे.
