सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान ने किया हमला, अफगानिस्तान में एक व्यक्ति की मौत : तालिबान
हथियारों से लैस तालिबान लड़ाके (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान ने किया हमला, अफगानिस्तान में एक व्यक्ति की मौत : तालिबान
काबुल | तालिबान ने पाकिस्तानी सेना पर अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में गोलीबारी करने का आरोप लगाया है. आरोप है की आम नागरिकों पर फायरिंग की गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया.
तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने कुनार के नरी जिले के शानपत क्षेत्र में सुबह लगभग 9:30 बजे (स्थानीय समय) मोर्टार दागे. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और एक महिला घायल हो गई.
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी बलों ने पक्तिका के शकीन जिले में एक नागरिक वाहन पर भी गोलीबारी की. हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ.
ये घटनाएं ऐसे समय में हुई जब ईद पर अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा हुई थी. तालिबान ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बार-बार इस संघर्षविराम का उल्लंघन किया और ईद के दौरान कुनार और नूरिस्तान में हमले किए.
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सीमा क्षेत्रों में पाकिस्तानी बलों की ओर से किए गए हमलों में कई लोगों की मौत हुई है. पाकिस्तान के लगातार हमले ‘ईमानदारी की कमी और धोखे’ को दर्शाते हैं.
आरियाना न्यूज के अनुसार, उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान ने स्थिति को और खराब होने से बचाने के लिए किसी भी प्रतिशोधी कार्रवाई से परहेज किया है और संघर्षविराम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे हमले दोहराए गए तो ‘संघर्षविराम निरर्थक हो जाएगा’ और पाकिस्तान को निर्णायक जवाब दिया जाएगा.
बुधवार को अफगानिस्तान ने कहा था कि सऊदी अरब, कतर और तुर्की जैसे मध्यस्थ देशों के अनुरोध पर वह ईद के मौके पर अपने ‘रद अल-ज़ुल्म’ रक्षात्मक अभियानों को रोक देगा. पाकिस्तान ने भी ईद के लिए सैन्य अभियानों में अस्थायी रोक की घोषणा की थी.
