UP: अपने सरकारी आवास में मृत मिले डिप्टी CMO
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
यूपी के चंदौली में तैनात डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार अपने सरकारी आवास में सोमवार को मृत मिले. उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया. तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगल किशोर राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. डिप्टी CMO की मौत कैसी हुई यह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार डेढ़ वर्षों से चंदौली में तैनात थे. वह जिला मुख्यालय पर ही क्वार्टर लेकर अकेले रहते थे. रविवार को डिनर करने के बाद वह सोए थे. सोमवार सुबह उनका ड्राइवर उनको चाय देने गया. उसने देखा कि अनूप कुमार सो रहे है. उसने उन्हें जगाने की कोशिश की. इस दौरान कुमार के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई. उसने तुरंत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगल किशोर राय को इस बारे में जानकारी दी.
इस सूचना के आधार पर सीएमओ सहित अन्य अफसर वहां पहुंचे. मौके पर पुलिस भी पहुंची और कुमार के परिजनों को सूचित किया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस शिफ्ट किया गया जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई. उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. उनकी मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि अनूप कुमार गुजर गए है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार गोरखपुर के निवासी थे. उनकी पत्नी भी देवरिया जिले के पडरौना में सरकारी नौकरी में तैनात हैं.
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जुगल किशोर राय ने मीडिया को बताया कि सुबह 6 बजे डिप्टी सीएमओ के मोबाइल से ही उनके गाड़ी के चालक द्वारा मुझे उनकी मौत की सूचना दी गई जिस पर तत्काल हम अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और परीक्षण किया. वह मृत पाए गए. प्रथमदृष्टया उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
