35 टुकड़ों में काटा लिव-इन पार्टनर का शव, अलग-अलग जगहों पर फेंका, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिसने महरौली इलाके में अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को 35 टुकड़ों में काट डाला और फिर शहर के अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया. इस बेहद खौफनाक घटना का आरोपी है आफताब अमीन पूनावाला जो मुंबई का रहने वाला है. मृतका महाराष्ट्र के पालघर की ही रहने वाली थी. आफताब ने इस साल 18 मई को 26 वर्षीय श्रद्धा की गला घोंट कर हत्या कर दी थी और दिल्ली में आराम से रह रहा था. शायद उसको यह अंदाजा नहीं था कि पुलिस उस तक पहुंच जाएगी. शनिवार शाम को दिल्ली पुलिस ने आफताब को श्रद्धा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.
सूत्रों के अनुसार, आफताब ने श्रद्धा के शरीर को 35 टुकड़ों में काटा और उन्हें स्टोर करने के लिए एक नया फ्रिज खरीदा. उसने श्रद्धा के शव के टुकड़ो को फ्रिज में छिपा दिया था. 18 दिनों की अवधि में उसने उन शरीर के टुकड़ों को अलग-अलग जगहों पर फेंका. आफताब ने ऐसा शव को ठिकाने लगाने के लिए किया.

किसी भी तरह के संदेह से बचने के लिए वह फ्लैट से तड़के 2 बजे निकलता था. वह पॉलीबैग में शव का एक टुकड़ा भर लेता था और इसे सुनसान जगह पर जाकर फेंक देता था. यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक आफताब ने सभी टुकड़े फेंक नहीं दिए.

पुलिस ने कहा कि मामला 8 नवंबर को तब सामने आया, जब लापता युवती के पिता ने कई महीनों से अपने बेटी से संपर्क न होने के कारण, दिल्ली पुलिस से शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अपनी जांच-पड़ताल शुरू की तो वह आफताब तक पहुंच गई.

श्रद्धा मुंबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करती थी. वही उसकी मुलाकात आफताब अमीन पूनावाला से हुई. दोनों में दोस्ती हुई जो बाद में प्यार में बदल गई. दोनों ने डेटिंग करना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे. श्रद्धा, आफताब से शादी करना चाहती थी. पर श्रद्धा के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. इस रिश्ते का विरोध होने पर दोनों भागकर दिल्ली आ गए और यहां लिव-इन में रहने लगे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूनावाला को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ में उसने खुलासा किया कि दोनों के बीच शादी को लेकर अक्सर लड़ाई होती थी. आफताब ने बताया कि श्रद्धा उस पर शादी का दबाव बना रही थी. हालांकि वो श्रद्धा से शादी नहीं करना चाहता था.
अधिकारी ने कहा, महरौली थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
