दिल्ली ट्रिपल सुसाइड: पॉलीथिन से सील था कमरा, दीवार पर चिपका हुआ था सुसाइड नोट

Crime Depositphotos_24534333_S (1)

सांकेतिक फोटो: (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली में रविवार को ट्रिपल सुसाइड केस से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई।

शनिवार को, वसंत विहार के वसंत अपार्टमेंट में फ्लैट नम्बर-207 में एक 55 वर्षीय महिला और उसकी 30 और 26 वर्षीय दो बेटियों के शव बरामद हुए थे।

मृतकों की पहचान मंजू श्रीवास्तव (मां) और दो बेटियों अंशिका और अंकू के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) मनोज सी ने कहा कि एक स्थानीय निवासी ने रात करीब 8.55 बजे पीसीआर कॉल की और बताया कि एक घर अंदर से बंद है और वहां रहने वाले लोग दरवाजा नहीं खोल रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और देखा कि दरवाजे और खिड़कियां चारों तरफ से बंद हैं। फ्लैट भी अंदर से लॉक है।

सिलेंडर से गैस हो रही थी लीक, पास में रखी थी अंगीठियां  

डीसीपी मनोज सी ने कहा, “पुलिस ने जब दरवाजा खोला, तो पाया कि एक गैस सिलेंडर आंशिक रूप से खुला था और एक सुसाइड नोट भी वहां था।

जैसे ही पुलिस कमरों की जांच करने के लिए आगे बढ़ी, तो उन्हें चार छोटी-छोटी अंगीठी दिखी और तीन शव बिस्तर पर पड़े मिले।

विज्ञापन
विज्ञापन

अंगीठी से निकलने वाला धुआं बाहर न निकले, इसके लिए कमरे को पूरी तरह से पॉलीथिन से सील कर दिया गया था। जिसकी वजह से कमरा ‘गैस चैंबर’ बन गया और जहरीले धुएं में दम घुटने के कारण तीनों की मौत हो गई।

यह भी पता चला कि सुसाइड नोट के कुछ पन्ने कमरे की दीवार पर चिपके हुए थे।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि घर के मालिक उमेश श्रीवास्तव की अप्रैल 2021 में कोविड 19 के कारण मृत्यु हो गई थी। तब से परिवार डिप्रेशन में था। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!