फिल्मकार अशोक पंडित पर राहुल गांधी को लेकर फर्जी वीडियो पोस्ट करने का आरोप, कांग्रेस ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Ashoke Pandit (1)

अशोक पंडित (फाइल फोटो | सोशल मीडिया)

The Hindi Post

नई दिल्ली | कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने फिल्म मेकर अशोक पंडित के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है. अशोक पंडित पर आरोप है कि उन्होंने राहुल गांधी के बारे में फर्जी और भ्रामक कंटेंट ट्विटर पर पोस्ट किया. यह शिकायत गुरुवार को दर्ज कराई गई है.

कांग्रेस ने कहा कि पंडित ने जनता को भड़काने का काम किया है, जिससे समूहों के बीच नफरत पैदा हो गई है, और इस तरह के अपराध आईपीसी और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत दंडनीय हैं.

पंडित ने ट्वीट किया था, “जनेऊधारी राहुल गांधी ने आरती करने से इनकार कर दिया! कारण स्पष्ट है!” हालांकि, अशोक पंडित ने बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया.

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ट्वीट के साथ राहुल गांधी के फर्जी वीडियो डाले गए थे. इन वीडियो में बताया गया कि राहुल गांधी ने देवी दुर्गा की आरती करने से इनकार कर दिया था. लेकिन यह वीडियो एक पुराने वीडियो में छेड़छाड़ करके बनाया गया था. वास्तव में राहुल गांधी प्रार्थना कर रहे थे.

विज्ञापन
विज्ञापन

पार्टी ने कहा कि गलत पोस्ट और साथ में फर्जी वीडियो क्लिप से यह धारणा देने की कोशिश की गई कि राहुल गांधी ने एक धार्मिक समारोह के दौरान पवित्र अनुष्ठान करने से इनकार कर दिया और ऐसा कर हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई.

कांग्रेस ने कहा, यह जानबूझकर गलत वीडियो का उपयोग कर हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए किया गया एक प्रयास है.

कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा, “राहुल गांधी के फर्जी वीडियो चलाने पर अशोक पंडित के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. उन्होंने फिलहाल पोस्ट को हटा दिया है, लेकिन हम ऐसे लोगों को हल्के में नहीं ले सकते.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!