क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन पर भद्दे कमेंट्स करने वालों की खैर नहीं, महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को दिया FIR करने का आदेश
स्वाति मालीवाल (फाइल फोटो | आईएएनएस)
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने बुधवार को कहा कि महिला आयोग ने क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन की हाल ही में हुई ऑनलाइन ट्रोलिंग का स्वत: संज्ञान लिया है.
मालीवाल ने कहा कि DCW ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर इस घटना में प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है. मालीवाल ने ट्विटर पर कहा कि दिल्ली पुलिस को 26 मई तक एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करनी है जिसमें यह बताना होगा कि उन्होंने क्या कार्रवाई की.
उन्होंने कहा कि अपराधियों को बच कर निकलने नहीं दिया जाएगा.
नोटिस में कहा गया है कि शुभमन गिल की बहन को इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेप और मारपीट की धमकी दी गई थी.

मालीवाल ने शुभमन गिल की बहन को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों की आलोचना की थी. शुभमन की बहन को सोशल मीडिया पर तब ट्रोल किया जाने लगा था जब उनकी टीम (शुभमन की) गुजरात टाइटंस ने एक आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हरा दिया था. इस जीत के साथ आरसीबी आईपीएल 2023 के प्लेऑफ से बाहर हो गई थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
