निर्वस्त्र कर पीटा, ब्लेड से काटा, फिर उसके खून से किया……., डायन बताकर महिला से बर्बरता
निर्वस्त्र कर पीटा, ब्लेड से काटा, फिर उसके खून से किया……., डायन बताकर महिला से बर्बरता
हजारीबाग | झारखंड के हजारीबाग जिले में डायन बताकर एक विधवा महिला के साथ दरिंदगी की शर्मनाक घटना सामने आई है. आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसे निर्वस्त्र कर पीटा, उसके शरीर के कई हिस्सों को ब्लेड से काटकर खून निकाला और तांत्रिक अनुष्ठान किया. इसके बाद उसे जबरन बिहार के गया ले जाकर उसका सिर मुंडवा दिया गया.
डायन मुक्ति के नाम पर महिला और उसके बेटे से 30 हजार रुपये भी वसूले गए. घटना हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के जरहिया गांव की है. पीड़िता ने रविवार रात बरही थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव के सात लोग उसके घर पहुंचे और डायन होने का आरोप लगाते हुए उसे घसीटकर बाहर निकाला. उसके कपड़े उतार दिए गए. फिर उसे पीटा गया और शरीर पर ब्लेड से जख्म कर खून निकाला गया. खून का इस्तेमाल कर तांत्रिक अनुष्ठान किया गया. इसके बाद आरोपी उसे जबरन घर से उठाकर ले गए. बरही से गया जिले के प्रेतशिला ले जाकर उसका सिर मुंडवा दिया. वहां भी मारपीट की गई. आरोपी बार-बार कहते रहे कि उसे ‘डायन-बिसाही’ से मुक्ति दिलाई जा रही है. इसके नाम पर महिला और उसके बेटे से 30 हजार रुपये भी वसूले गए. शनिवार रात करीब 10 बजे महिला को बरही बाजार में छोड़कर आरोपी फरार हो गए.
किसी तरह वह अपने घर लौटी. डरी और सहमी महिला ने रविवार रात हिम्मत करके बरही थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
IANS
