कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर का दावा, केजरीवाल के पास दुबई में तीन फ्लैट
सुकेश चंद्रशेखर (फाइल फोटो वाया आईएएनएस)
नई दिल्ली | कथित ठग सुकेश चन्द्रशेखर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उन पर दुबई में तीन फ्लैट होने का आरोप लगाया है.
चन्द्रशेखर का दावा है कि उसने यह फ्लैट्स केजरीवाल की ओर से खरीदे हैं. चंद्रशेखर ने आगे कहा कि उसने इन फ्लैट्स को कमीशन के तौर पर मिले पैसो से खरीदा है.
सुकेश ने पत्र में लिखा, “केजरीवाल जी, मुझे पता चला है कि आपने दुबई में अपने सहयोगी मनोज जैन से जुमेराह पाम्स में स्थित उन तीन अपार्टमेंट्स को तत्काल बेचने के लिए कहा है, जिन्हें मेरे माध्यम से 65 मिलियन दिरहम की राशि में खरीदा गया था. इन अपार्टमेंट्स को उसी राशि से खरीदा गया है जो आपको कमीशन के तौर पर हैदराबाद के एक कांट्रेक्टर से 2020 में मिली थी.”

सुकेश ने आगे लिखा, “चूंकि आप सच नहीं बोलेंगे, मेरे और सत्येन्द्र जैन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट को मैं प्रस्तुत कर दूंगा. इन चैट्स से दुबई में हुई तीन अपार्टमेंट्स की खरीद का पता चल जाएगा.”
सुकेश ने अपने लेटर में आगे लिखा ”मैं अगले सात दिनों के भीतर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और भ्रष्टाचार निरोधक सतर्कता को भी एक प्रति (इन चैट्स की) भेजूंगा.”
चन्द्रशेखर ने पत्र में कहा कि केजरीवाल और उनके सहयोगी जो अक्सर दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हैं, दरअसल वही लोग है जो उन्हें और उनके परिवार को धमकियां भेज रहे हैं.
सुकेश ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के एक करीबी ने उनकी मां को धमकी दी है. कहा, “अगर मैं नहीं रुका तो मेरे खाने में जहर दे दिया जाएगा. केजरीवाल जी, आप मुझ पर और मेरे परिवार पर जो दबाव डाल रहे हैं, उसका कड़ा जवाब मिलेगा. मत भूलिए कि आप जल्द ही तिहाड़ में पहुंच सकते हैं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
