कांग्रेस ने भूपेश बघेल व अशोक गहलोत को UP में दी यह बड़ी जिम्मेदारी

Bhupesh Baghel and Ashok Gehlot (1)
The Hindi Post

नई दिल्‍ली | कांग्रेस पार्टी ने अमेठी और रायबरेली संसदीय सीटों पर कांग्रेस के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को बतौर सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है. इस निर्णय के अंतर्गत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायबरेली सीट पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अमेठी सीट पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है.

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है.

अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर लंबे समय से नेहरू-गांधी परिवार के सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ते रहे हैं. राजनीतिक हलकों में इन सीटों को गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ के रूप में भी देखा जाता है. हालांकि इस बार कांग्रेस पार्टी ने अमेठी संसदीय सीट से गैर नेहरू-गांधी परिवार वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाया है.

अमेठी सीट से उम्मीदवार बनाए गए किशोरी लाल शर्मा को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है. सोनिया गांधी जब रायबरेली से सांसद थी, तब से किशोरी लाल शर्मा रायबरेली सीट पर सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम करते रहे हैं. रायबरेली और अमेठी दोनों ही संसदीय क्षेत्रों में 20 मई को मतदान होना है. राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से और किशोरी लाल शर्मा अमेठी से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है.

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से चुनाव लड़े थे. लेकिन तब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुकाबले में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था. इसके साथ ही राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे जहां से जीत कर वह संसद पहुंचे. राहुल गांधी ने इस बार भी वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!