उत्तरकाशी में बादल फटा, घर-गाड़ियों से लेकर सड़क तक क्षतिग्रस्त

Uttarkashi Cloudburst (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

उत्तरकाशी | शुक्रवार देर रात को छाड़ा खड्ड में बादल फटने से नगर पंचायत पुरोला के वार्ड नं 3 व 4 में कुछ भवनों, वाहनों, सड़क आदि को क्षति पहुंची है. देर रात हुई अतिवृष्टि के कारण बड़कोट तहसील के अंतर्गत गंगनानी में भूस्खलन का मलबा आने के कारण टूरिस्ट कॉटेज क्षतिग्रस्त हुए हैं. कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के परिसर में भी मलबा घुसा है.

इसके साथ ही पुरोला के छाड़ा खड्ड में भी बादल फटने के कारण भूस्खलन हुआ है. भारी बारिश से भूमि कटाव हुआ कुछ घरों और दुकानों में मलबा घुस गया है. घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.

इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है. उप जिलाधिकारी पुरोला देवानन्द शर्मा और उपजिलाधिकारी बड़कोट जितेंद्र कुमार, पुलिस तथा प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों के साथ मौके पर मौजूद हैं. देर रात करीब ढाई बजे हुई इन घटनाओं की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने उप जिलाधिकारी पुरोला और उप जिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल सम्बंधित विभागों के कर्मियों के साथ मौके पर निरीक्षण करने और प्रभावितों की मदद करने का निर्देश दिया.

जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी सेवाओं को सुचारू करने सहित इन घटनाओं में हुई क्षति का आकलन कर आख्या प्रस्तुत करने और अनुमन्य राहत राशि का वितरण अविलंब करने की हिदायत भी दी है.

डुंडा तहसील के अन्तर्गत धौन्तरी गांव के ऊपर भू धंसाव होने से मनीराम बहुगुणा, बुद्धि प्रकाश बहुगुणा, कीर्ति प्रसाद बहुगुणा के घरों के अंदर मलबा भरा है. अन्य किसी प्रकार की जन-धन की हानि नहीं हुई. प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची हुई है.

गंगनानी में सड़क पर मलबा आने से सड़क बन्द हो गई है. मलबा लगभग 30 मीटर की लंबाई में फैला हुआ है. केम्प निर्वाना नामक एक रिजॉर्ट को नुकसान हुआ है. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गंगनानी में देर रात ही फायर सर्विस बड़कोट का दल पहुंच गया था. इस विद्यालय में सभी बच्चे सुरक्षित हैं.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!