बेटी का सहपाठी करता था क्लास में टॉप, जलन में मां ने दे दिया जहर, हुई मौत
सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)
पुडुचेरी | एक चौंकाने वाली घटना में आठवीं कक्षा की एक छात्रा की मां ने उसके सहपाठी को जहर देकर इसलिए मार डाला क्योंकि उसने परीक्षा में टॉप किया था। घटना पुडुचेरी के कराईक्कल की है.
मृतक, बालामणिकंदन, नेहरू नगर, कराईक्कल के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था और उसने कक्षा में टॉप किया था.
पुलिस ने विक्टोरिया सहयारानी को गिरफ्तार कर लिया है. विक्टोरिया पर जहर देकर हत्या करने का आरोप है.
कराईकल पुलिस के मुताबिक, महिला को बालमणिकंदन से जलती थी. बालमणिकंदन ने महिला की बेटी को दूसरे स्थान पर धकेलते हुए कक्षा में टॉप किया था.
मृतक लड़का राजेंद्रन और मालती का बेटा था जो पुडुचेरी के कराईक्कल में नेहरू कॉलोनी में रहता था.

पुलिस ने बताया कि विक्टोरिया सहयारानी शनिवार को स्कूल पहुंची और उसने लड़के को पीने को कोल्ड ड्रिंक दी. घर पहुंचने के बाद लड़के को लगातार उल्टी हुई. उसने अपने माता-पिता से कहा कि उसे विक्टोरिया सहयारानी ने कोल्ड ड्रिंक पिलाई है.
लड़के के माता-पिता ने कहा कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वह उसकी जान नहीं बचा सके. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि कोल्ड ड्रिंक में जहर मिला हुआ था. यह कोल्ड ड्रिंक जानबूझकर बालामणिकंदन को मारने के लिए दी गई थी.
पुलिस ने विक्टोरिया सहयारानी को गिरफ्तार कर लिया और उसने पुलिस को बताया कि उसे बालामणिकंदन से जलन होती थी क्योंकि वह हमेशा क्लास टॉपर बन जाता था जबकि उसकी बेटी केवल दूसरे स्थान पर ही पहुंच पाती थी.
विक्टोरिया सहयारानी को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आईएएनएस
