नया बिल लाने की तैयारी में मोदी सरकार, ‘जी राम जी’ होगा नाम, इस लोकप्रिय योजना की लेगी जगह……
नया बिल लाने की तैयारी में मोदी सरकार, ‘जी राम जी’ होगा नाम, इस लोकप्रिय योजना की लेगी जगह……
केंद्र सरकार ‘मनरेगा’ योजना का नाम बदलने की तैयारी में है. नई जानकारी के मुताबिक, इसे आम लोगों के बीच “जी राम जी” योजना के नाम से प्रचारित किया जा सकता है. सरकार लोकसभा में इससे संबंधित एक नया बिल लाने जा रही है जिसके तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान होगा.
इस योजना का पूरा नया नाम होगा — “विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)”,
जिसे संक्षेप में “VB–जी राम जी” योजना कहा जाएगा.
ड्राफ्ट के अनुसार, यह योजना विकसित भारत 2047 के विजन से जुड़ी होगी. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन करना, पलायन को रोकना और गांवों को आत्मनिर्भर दिशा में आगे बढ़ाना है.
बिल के मुताबिक, सरकार ग्रामीण विकास से जुड़े प्रमुख कार्य इसी योजना के अंतर्गत करवाएगी — जैसे जल संरक्षण, ग्रामीण इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण, आजीविका मिशनों को मजबूती देना आदि. साथ ही यह प्रयास भी किया जाएगा कि खेती के सीजन में गांवों में पर्याप्त श्रमशक्ति उपलब्ध रहे.
इन कार्यों को PM-गति शक्ति योजना से भी जोड़ा जा सकता है. इसके तहत होने वालों कामों की मॉनिटरिंग के लिए भी आधुनिक व्यवस्था का सहारा लिया जाएगा. इसके तहत जीपीएस और मोबाइल बेस्ड मॉनिटरिंग होगी. इसके अलावा इससे जुड़े कामों की प्लानिंग, ऑडिटिंग, फ्रॉड रिस्क मैनेजमेंट के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जाएगा.
विपक्ष का विरोध शुरू
योजना का नाम बदले जाने पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया है कि इसमें (मनरेगा) से “महात्मा गांधी” का नाम क्यों हटाया जा रहा है. बता दे कि पहले से ही यह आशंका जताई जा रही थी कि नाम परिवर्तन पर बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है.
ध्यान देने योग्य बात यह है कि पिछले करीब 20 वर्षों में ग्रामीण भारत में महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक बदलाव लाने में मनरेगा ने बड़ी भूमिका निभाई है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
