क्या देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रोन से आ सकती है तीसरी लहर?

0
640
(फोटो: गिरीश पंत)
The Hindi Post

विश्व के कई देशों में कोरोना का ओमीक्रोन वैरिएंट दस्तक दे चूका है। भारत में भी इसके पांच मामलों की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में प्रश्न यह उठता है की क्या देश में तीसरी लहर आ सकती है? और अगर आती है तो कब तक आने की संभावना है? आइये जानते है इस बारे में आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर पद्मश्री डॉ मनिन्द्र अग्रवाल से।

प्रशन: क्या कोविड का ओमीक्रोन वैरियंट डेल्टा वैरियंट से ज़्यादा खतरनाक है।

उत्तर: इस बारे में अभी निश्चित रूप से कुछ कहा नही जा सकता। जो अभी तक के परिमाण सामने आए है वो यह बताते है कि ओमीक्रोन, डेल्टा से ज़्यादा तेज़ी से फैलता है लेकिन क्या यह डेल्टा से ज़्यादा खतरनाक है – कि क्या ज़्यादा लोग इसकी वजह से हॉस्पिटल में भर्ती होंगे, इस बारे में अभी नही कहा जा सकता। अभी तक जो तथ्य निकल कर दक्षिण अफ्रीका और कुछ अन्य देशों से सामने आए है, वहा पर लगभग सभी लोग जो ओमीक्रोन से प्रभावित है उनको ज़्यादा इंफेक्शन (संक्रमण) नही हुआ। उनमे हल्का संक्रमण ही देखने को मिला है।

प्रशन: आपके गणितीय विश्लेषण के अनुसार, कोविड के नए वैरियंट ओमीक्रोन का देश पर क्या प्रभाव पड़ेगा और कौन से राज्य इससे ज़्यादा प्रभावित हो सकते है।

उत्तर: ओमीक्रोन के बारे में यह माना जा रहा है (हालांकि अभी यह निश्चित तौर पर नही कहा जा रहा है), कि यह वैक्सीन वाली इम्युनिटी को बाईपास करने में कुछ हद तक सक्षम है। जिन व्यक्तियों को पहले कोविड संक्रमण हुआ था और वो ठीक हो गए और उनमें नेचुरल इम्युनिटी आ गई है, ऐसी इम्युनिटी को ओमीक्रोन बहुत ज़्यादा बाईपास नही कर पा रहा है। अभी तक के लक्षण के अनुसार हम यह कह सकते है। तो यदि अगर ऐसा होगा तो भारत में इसका बहुत अधिक असर होने की संभावना नही है क्योंकि देश की 80 प्रतिशत जनसंख्या में नेचुरल इम्युनिटी है। इसके अलावा भारत में टीकाकरण भी बड़ी संख्या में हुआ है। इन दो तथ्यों को अगर हम लेकर चले तो भारत में इसका (ओमीक्रोन) बहुत  अधिक असर नही होगा।

प्रशन: आपके हिसाब से तीसरी लहर की संभावना कब से है? क्या इस बार फिर से कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की ज़रुरत पड़ेगी?

उत्तर: पूरी संभावना है की ओमीक्रोन हमारे देश में फैलेगा। और क्योंकि यह डेल्टा से ज़्यादा तेज़ी से फैलता है तो जल्दी से फैलेगा। अगर हम यह मानते है की यह अभी से फैलना शुरू हो चुका है तो तीसरी लहर जो आयेगी वो अगले साल के शुरु के महीनों में अपने चरम स्तर पर होगी और उसके बाद कोविड के मामले कम होने लगेंगे। यह दूसरी लहर जितनी घातक नही होगी, ऐसी संभावना है। इसलिए जो दूसरी लहर में बहुत अधिक ऑक्सीजन और हॉस्पिटल बेड की आवश्यकता पड़ी थी, अभी तक के लक्षणों के अनुसार ऐसा लग रहा है कि ओमिक्रोन की वजह से उतनी आवश्यकता नही पड़ेगी। पर लोगो से अपील है सावधान रहें, मास्क पहने। मास्क पहनने से संक्रमण होने से रोक जा सकता है। जिन्होंने टीकाकरण नही करवाया है वो जल्द टीकाकरण करवा लें।

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post