बेहद खौफनाक : 200 मीटर गहरी खाई में समा गई बारातियों से भरी बस, 13 की मौके पर ही मौत
भीषण दुर्घटना में बस के परखच्चे उड़ गए / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
बेहद खौफनाक : 200 मीटर गहरी खाई में समा गई बारातियों से भरी बस, 13 की मौके पर ही मौत
उत्तराखंड की सीमा से लगे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से खचाखच भरी एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस दुर्घटना में 34 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी. अंधेरे और ढलान के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में समा गई. इस दुर्घटना में बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. रात के अंधेरे और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्थानीय निवासियों और पुलिस-प्रशासन ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों और घायलों को खाई से बाहर निकाला जा सका.
घायलों का इलाज बैतडी और डडेलधूरा के अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और खराब सड़कों को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
