दिल्ली के रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरने से बड़ा हादसा, मलबे से निकाले गए 4 लोग, 3 की मौत
हादसे के बाद मौके पर तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया / (फोटो : वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीन ग्रैब)
दिल्ली के रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरने से बड़ा हादसा, मलबे से निकाले गए 4 लोग, 3 की मौत
नई दिल्ली | दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में एक इमारत गिरने की घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है. दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) ने इसकी पुष्टि की है.
दिल्ली फायर सर्विस ने अपने एक बयान में बताया कि रोहिणी सेक्टर 16 में इमारत गिरने की घटना में अब तक मलबे से चार लोगों को निकाला गया है जिनमें से तीन की मौत हो गई है.
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच बुधवार देर शाम रोहिणी जिले के केएन काटजू थाना क्षेत्र के सेक्टर-16 इलाके में एक इमारत भरभराकर गिर गई. इससे वहां अफरा-तफरी मच गई. मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई.
स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की. इस दौरान, घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचे. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
भारी बारिश के बाद दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 16 में निर्माणाधीन इमारत गिर गई है..
चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं, कुछ के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है।
बचाव और राहत कार्य जारी है। pic.twitter.com/yVSkkWsQeN
— Shakti Singh/शक्ति सिंह (@singhshakti1982) July 8, 2026
फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन की ओर से अभी तक किसी के हताहत होने या मलबे में फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
एक स्थानीय व्यक्ति ने बुधवार को बताया कि मकान मालिक समेत तीन से चार मजदूर इस मलबे में दबे थे, जबकि एक राहगीर भी चपेट में आया था. उन्होंने घटना पर दुख जताया और इमारत के निर्माण में खराब सामग्री के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया.
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उन्हें फोन पर इमारत के गिरने की सूचना मिली थी. यह आम रास्ता है और नजदीक स्कूल भी है. उन्होंने बताया कि हादसे के समय उनका भाई यहां से गुजर रहा था जो मलबे में दब गया. उन्होंने बताया कि यह एक निर्माणाधीन इमारत थी जो लगभग बनकर तैयार हो चुकी थी.
वहीं, एक युवक ने आईएएनएस को बताया कि वह दूसरी गली में रहता है. मकान गिरने की आवाज सुनाई पड़ी थी और उसके बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी. युवक ने बताया कि गनीमत यह है कि शुक्रवार का दिन नहीं था क्योंकि यहां शुक्रवार बाजार लगता है. इस दौरान छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों की भीड़ रहती है. इस कारण सैकड़ों लोग दब सकते थे.
By IANS
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर 16 में इमारत गिरने से अब तक तीन लोगों की मौत
