IPL से जुड़े विदेशी इंजीनियर की होटल में मौत, कारणों की जांच जारी

Ian Williams Langford 1 (1)
The Hindi Post

IPL से जुड़े विदेशी इंजीनियर की होटल में मौत, कारणों की जांच जारी

 

मुंबई | मुंबई के ट्राइडेंट होटल में उस समय हड़कंप मच गया जब आईपीएल मैच देखने आए एक विदेशी मेहमान का शव (होटल के कमरे से) बरामद हुआ. मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है जो बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे.

इयान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों के प्रसारण से जुड़े काम के सिलसिले में मुंबई आए थे. 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वह अपने होटल के कमरे में लौटे थे. इसके बाद 30 मार्च को होटल स्टाफ ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.

शक होने पर होटल के कर्मचारियों ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोला. जब उन्होंने अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए. इयान फर्श पर पड़े थे. इस घटना की सूचना तुरंत होटल प्रशासन को दी गई जिसके बाद इयान को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने इस संबंध में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है. शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. होटल स्टाफ और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके.

इस घटना के बाद होटल में ठहरे अन्य मेहमानों और स्टाफ के बीच चिंता का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके.

IANS

मुंबई के होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!