बड़ी बेटी ने की माता-पिता और छोटी बहन की हत्या, वजह जान उड़ जाएंगे होश, हत्यारोपी बेटी ने खुद बताया …
फोटो : आईएएनएस
बड़ी बेटी ने की माता-पिता और छोटी बहन की हत्या, वजह जान उड़ जाएंगे होश, हत्यारोपी बेटी ने खुद बताया …
बेंगलुरु | बेंगलुरु | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड (ट्रिपल मर्डर) के मामले में गिरफ्तार की गई बेटी ने पुलिस पूछताछ के दौरान बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पुलिस द्वारा गुरुवार को साझा की गई जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटी ने जांचकर्ताओं को कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी मां की हत्या इसलिए की क्योंकि वह पिछले कई सालों से खुद को अपने ही घर में “एक कैदी की तरह” महसूस कर रही थी. मां के कथित कड़े नियंत्रण और व्यवहार से तंग आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. इस बीच, पुलिस ने उसके फरार लिव-इन पार्टनर केनेथ की तलाश और तेज कर दी है, जो इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रहा है.
यह मामला 55 वर्षीय सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल सोमासुंदर, उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी (48) और उनकी छोटी बेटी सुप्रिया (20) की हत्या से जुड़ा है. आरोप है कि इन तीनों की हत्या कथित तौर पर श्वेता और उसके प्रेमी केनेथ ने मिलकर की थी. श्वेता उनकी बड़ी बेटी है. इस वारदात को सोमवार को अंजाम दिया गया था.
पूछताछ के दौरान श्वेता ने कथित तौर पर बताया कि वह कई सालों से अपनी मां से नाराज थी. उसने आरोप लगाया कि मुथुलक्ष्मी उसके साथ बहुत सख्ती बरतती थी और ऐसा बहुत सालों से हो रहा था. वह उसे आजादी नहीं देती थीं. जांचकर्ताओं के अनुसार, श्वेता ने यह भी दावा किया कि उसने अकेले ही हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था और इसमें केनेथ शामिल नहीं था.
हालांकि पुलिस को शक है कि श्वेता और केनेथ दोनों ही इस हत्या में शामिल थे.
पुलिस की एक विशेष टीम ने श्वेता को पुडुचेरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था. जांचकर्ताओं के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए थे और फरार हो गए थे. इसके अलावा उन्होंने एटीएम कार्ड और डिजिटल पेमेंट का भी इस्तेमाल करना बंद कर दिया. ऐसा उन्होंने इसलिए किया ताकि उनकी लोकेशन का पता नहीं लगाया जा सके.
जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी बाइक से तमिलनाडु की ओर भाग निकले थे. इसके बाद पुलिस टीमों को तिरुचिरापल्ली और पुडुचेरी भेजा गया.
अधिकारियों के अनुसार, दोनों लगभग 300 किलोमीटर दूर तक निकल गए थे लेकिन पुडुचेरी के पास उनकी बाइक खराब हो गई. इसी दौरान पुलिस ने जानकारी जुटाकर श्वेता को गिरफ्तार कर लिया, जबकि केनेथ फरार होने में सफल रहा.
जांचकर्ताओं के मुताबिक, रविवार को मुथुलक्ष्मी, श्वेता के घर गई थी. इस दौरान मां-बेटी के बीच जमकर बहस हुई थी. मुथुलक्ष्मी रात के समय श्वेता के यहां रुक गई थी.
पुलिस का मानना है कि सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे श्वेता और केनेथ ने मुथुलक्ष्मी की हत्या कर दी. इसके बाद उन्होंने शव को केनेथ के किराए के घर ले जाने की योजना बनाई थी लेकिन पकड़े जाने के डर उन्होंने अपना प्लान बदल दिया.
बाद में मुथुलक्ष्मी को ढूंढ़ते हुए सोमसुंदर और सुप्रिया, श्वेता के घर पहुंचे. पुलिस का अनुमान है कि सुप्रिया की हत्या घर में घुसते ही कर दी गई और कुछ ही देर बाद सोमसुंदर पर भी हमला कर उनकी जान ले ली गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए.
पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर मामले की कई पहलुओं से जांच शुरू की. इसमें हत्या का मकसद, आरोपियों का संबंध, वित्तीय लेन-देन और फॉरेंसिक सबूत शामिल हैं. फिलहाल केनेथ की तलाश जारी है.
By IANS
बेंगलुरु ट्रिपल मर्डर मामले में गिरफ्तार बेटी का दावा, कैदी की तरह रखती थी मां
