भाजपा पार्षद ने नाले में खड़े होकर काटा अपना बर्थडे केक, क्यों किया उन्होंने ऐसा ?, खुद बताई वजह
वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर (सोशल मीडिया)
भाजपा पार्षद ने नाले में खड़े होकर काटा अपना बर्थडे केक, क्यों किया उन्होंने ऐसा ?, खुद बताई वजह
आगरा | आगरा स्मार्ट सिटी में नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली और ढुलमुल रवैये के खिलाफ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ही एक पार्षद ने बेहद अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया. नगर निगम प्रशासन जहां मानसून से पहले शहर के सभी नालों की मुकम्मल सफाई के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. भाजपा पार्षद द्वारा कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद जब जलभराव और गंदगी की समस्या दूर नहीं हुई, तो उन्होंने विरोध का यह अनूठा रास्ता चुना. गुरुवार को पार्षद ने अपने जन्मदिन के मौके पर किसी आलीशान जगह के बजाय बीच नाले में खड़े होकर केक काटा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
14 साल से साफ नहीं हुआ भूमिगत नाला, पार्षद की 12 शिकायतें भी बेअसर
पूरा मामला नगला धनी के नई विजय नगर कॉलोनी स्थित ‘लंगड़े की चौकी’ नाले से जुड़ा है जो जीवनी मंडी रोड से आता है. करीब दो किलोमीटर लंबे इस नाले का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा भूमिगत (अंडरग्राउंड) है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले 14 वर्षों से इस भूमिगत नाले की सुध नहीं ली गई है और न ही इसकी कोई आंतरिक सफाई हुई है. नतीजतन, नाले में एक से लेकर तीन फीट तक गाद (सिल्ट) जमा हो चुकी है जिससे पानी की निकासी पूरी तरह ठप है.
वार्ड के भाजपा पार्षद किशन नायक इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 12 बार आधिकारिक शिकायतें दर्ज करा चुके हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने खुद मौके पर आकर नाले का निरीक्षण भी किया था. मगर, अफसोस की बात यह है कि अफसरों के इस दौरों के बाद भी धरातल पर नाला सफाई का कोई काम शुरू नहीं हो सका.
Kishan Nayak, a BJP councillor in Agra could be seen celebrating his birthday in a sewer. Local standing in knee deep sewer gathered around the table as Nayak cut cake. He claims municipal corporation officials dodge his open sewer and sanitation complaints. pic.twitter.com/W6TFqxov7u
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 26, 2026
नाले के गंदे पानी में सजी मेज, लोगों ने बजाईं तालियां और लगे नारे
हर तरफ से सुनवाई न होने और अधिकारियों की बेरुखी से व्यथित होकर पार्षद किशन नायक गुरुवार को अपना बर्थडे केक लेकर सीधे उसी नाले पर पहुंच गए. पार्षद को इस हाल में देख क्षेत्रीय नागरिक भी उनके समर्थन में आ गए और नाले के गंदे पानी के बीच ही एक सजी हुई मेज लाकर रख दी. इसके बाद पार्षद ने घुटनों तक भरे गंदे पानी और सिल्ट के बीच खड़े होकर अपना जन्मदिन मनाया और केक काटा.
Centre- BJP
State- BJP
Mayor- BJP
Councillor- BJPUP BJP Councillor Kishan Nayak elaborates on his complaints about sewerage and sanitation issues that have been ignored by senior officials of the Agra Municipal Corporation. https://t.co/wqd5T1iPYo pic.twitter.com/ZDUqsnRBdh
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 26, 2026
इस दौरान वहां मौजूद जनता ने पार्षद के इस गांधीवादी और अनूठे कदम की सराहना करते हुए जमकर तालियां बजाईं. साथ ही, आक्रोशित नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन और स्मार्ट सिटी मैनेजमेंट की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे वाकये का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया जो अब इंटरनेट पर शहर की सफाई व्यवस्था और ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की पोल खोल रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
