पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भाजपा नेताओं पर हमला, सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल
फोटो: आईएएनएस
भाजपा सांसद और विधायक पर हमला, MP के सिर में लगी चोट, हुए बुरी तरह लहूलुहान
कोलकाता | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हमला हुआ है. इसमें मालदा उत्तर से सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए है.
भारी बारिश और बाढ़ के बाद राहत कार्यों का जायजा लेने के लिए भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जलपाईगुड़ी के नागराकाटा पहुंचा था. इसी बीच, कुछ लोगों ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल पर हमला कर दिया. वाहनों में तोड़फोड़ की गई. तस्वीरों में सांसद खगेन मुर्मू को खून से लथपथ देखा जा सकता है, जबकि उनकी गाड़ी के शीशे टूटे हुए है. सुरक्षाकर्मी उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले जाते हुए नजर आए.
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि इस घटना के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों का हाथ है. उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भी आलोचना की.
Jalpaiguri, West Bengal: A BJP delegation was attacked in Nagrakata. BJP MLA Khagen Murmu was seriously injured after miscreants pelted stones at their vehicle
(Video source: BJP MLA Shankar Ghosh) pic.twitter.com/Xt0lwjGneQ
— IANS (@ians_india) October 6, 2025
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे और सम्मानित आदिवासी नेता, भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर टीएमसी के लोगों ने उस समय हमला किया, जब वह जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में बारिश और बाढ़ के बाद राहत व बचाव कार्यों में मदद करने जा रहे थे.”
उन्होंने बाढ़ को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही थीं, जबकि टीएमसी और राज्य प्रशासन गायब था.” उन्होंने आगे लिखा, “जो वास्तव में लोगों की मदद कर रहे थे, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, उन पर राहत कार्य करने के लिए हमला किया जा रहा है. यह टीएमसी का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है.”
