अरविंद केजरीवाल के बेहद करीब रहे नेता को नितिन नबीन की टीम में मिली जगह
नितिन नबीन (फाइल फोटो)
अरविंद केजरीवाल के बेहद करीब रहे नेता को नितिन नबीन की टीम में मिली जगह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में जहां एक तरफ लंबे समया से साइडलाइन चल रहे कई नेताओं को तरजीह दी गई है तो इसमें एक ऐसे नेता को भी शामिल किया गया है जो कुछ महीने पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) से बगावत करके आए हैं. राघव चड्डा के साथ “आप” छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक को भगवा दल ने राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंप दी है. अरविंद केजरीवाल के सबसे खास नेताओं में शामिल रहे संदीप पाठक को आप में राष्ट्रीय संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई थी.
भाजपा ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की जिसमें 13 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए. बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है तो विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी समेत 8 नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. राष्ट्रीय मंत्री के रूप में 16 चेहरों को नामित किया गया है, जिनमें संदीप पाठक भी शामिल हैं.
AAP में भी थी संदीप पाठक की बड़ी भूमिका

संदीप पाठक “आप” छोड़ने वाले उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल थे जिन्होंने 24 अप्रैल को भाजपा का दामन थामा था. इन सांसदों में पाठक के अलावा राघव चड्डा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सहनी ओर स्वाति मालीवाल शामिल है. राघव चड्डा और “आप” के बीच लंबे समय से दरारें बढ़ रही थीं, लेकिन संदीप पाठक के जाने से अरविंद केजरीवाल समेत पूरी पार्टी हैरान रह गई थी. आईआईटी दिल्ली में पढ़ा चुके संदीप पाठक “आप” के सबसे बड़े रणनीतिकारों में एक थे. वह ना सिर्फ देशभर में संगठन को विस्तार देने में जुटे थे बल्कि दिल्ली और पंजाब में “आप” को मिती सफलताओं में बड़ी भूमिका रही है.
नितिन नवीन की नई टीम में कौन-कौन से बड़े चेहरे
भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की जिसमें राम माधव, लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत रामेत 13 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाए रखा है. वहीं, अपनी आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया है. विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं. जिन्हें पार्टी ने अपनी नई टीम में बरकरार रखा है. राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा वैजयंत जे. पांडा और रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाए रखा गया है.
