बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के हैक्ड (hacked) ट्विटर अकाउंट से यूक्रेन के लिए मांगी गई मदद

JP Nadda IANS

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा का ट्विटर अकाउंट रविवार सुबह कुछ देर के लिए हैक कर लिया गया। हालांकि बाद में यह सामान्य कर दिया गया।

भाजपा सूत्रों ने कहा “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ट्विटर अकाउंट से कुछ समय के लिए छेड़छाड़ की गई थी। यह अब नियंत्रण में है। हम सही कारणों का पता लगाने के लिए ट्विटर से बात कर रहे हैं।”

हैकर ने खाते का नाम बदलकर आईसीजे (ICJ) कर दिया था और अलग-अलग ट्वीट कर यूक्रेन और रूस के लिए क्रिप्टो करेंसी (Cryptocurrency) में डोनेशन (Donation) मांगा था। हैकर ने सुबह 9.52 बजे ट्वीट किया “यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े हो। अब क्रिप्टो करेंसी बिटकॉइन और एथेरियम स्वीकार कर रहे हैं।”

पांच मिनट बाद हैकर ने पिछले ट्वीट का हवाला देते हुए कहा, “मेरा अकाउंट हैक नहीं हुआ है। सारा डोनेशन यूक्रेन सरकार को दिया जाएगा।”

JP Naddas Twitter account hacked

इसके बाद उसने सुबह 10.02 बजे फिर ट्वीट किया “रूस के लोगों के साथ खड़े हो जाओ। अब क्रिप्टो करेंसी बिटकॉइन और एथेरियम दान स्वीकार कर रहे हैं।”

हैकर ने फिर से ट्वीट किया “मेरा खाता हैक हो गया। रूस को दान करें क्योंकि उन्हें मदद की जरूरत है।”

गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विटर अकाउंट कुछ अवधि के लिए हैक कर लिया गया था और एक पोस्ट में दावा किया गया था कि भारत ने आधिकारिक तौर पर बिटकॉइन को कानूनी तौर पर लेन देन के रूप में अपना लिया है।

इसके बाद पीएमओ इंडिया ने कहा था “पीएम के ट्विटर हैंडल से कुछ समय के लिए छेड़छाड़ की गई थी और अकाउंट को तुरंत सुरक्षित कर लिया गया था। अकाउंट से उस संक्षिप्त अवधि में साझा किए गए किसी भी ट्वीट को नजरअंदाज किया जाना चाहिए।”

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!