दबिश देने गए पुलिसकर्मियों पर हमला, हुआ पथराव, पुलिस ने आत्मरक्षा में चलाई गोली…..

BIHAR

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

दबिश देने गए पुलिसकर्मियों पर हमला, हुआ पथराव, पुलिस ने आत्मरक्षा में चलाई गोली…..

 

भभुआ | बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में एक शराब पार्टी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ही ग्रामीणों ने हमला बोल दिया. ग्रामीणों की ओर से जमकर पथराव किया गया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया. इस घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोली भी चलानी पड़ी.

पुलिस के अनुसार, कझार घाट गांव में जमानत पर जेल से बाहर आए एक व्यक्ति की जेल से छूटने की खुशी में बुधवार की देर रात शराब पार्टी का आयोजन किया गया था. आरोप है कि कार्यक्रम में डीजे, लेडी डांसर और हर्ष फायरिंग के साथ जश्न मनाया जा रहा था.

इसी बीच इसकी सूचना कुदरा थाना पुलिस को हुई. थाना प्रभारी अपने अन्य सहयोगियों के साथ वहां पहुंच गए. पुलिस को देखते ही लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस पर हमला बोल दिया. इस क्रम में जमकर पथराव किया गया. इस दौरान पुलिस पर गोली भी चलाई गई

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पथराव में थाना अध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. उन्होंने बताया कि पुलिस पर फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की. इस घटना में एक ग्रामीण के गोली लगने से घायल होने की खबर है. उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर कुदरा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें 28 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस ग्रामीण को गोली लगी है, उसका बयान दर्ज किया गया है. उसके पीछे से गोली लगने की बात बताई जा रही है. उनसे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही गोली चलने की दिशा और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

इधर, ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है. ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने पहले फायरिंग की, जबकि पुलिस इसे आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई बता रही है.

IANS

बिहार शराब पार्टी की सूचना पर दबिश देने पहुंची टीम पर हमला, कई पुलिसकर्मी घायल


The Hindi Post
error: Content is protected !!