हाइवा और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार युवकों की मौत
हाइवा और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार युवकों की मौत
मधेपुरा | बिहार के मधेपुरा जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. यहां हाइवा और एक कार की सीधी टक्कर में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
यह दुर्घटना नेशनल हाईवे 106 पर हुई. यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिजली कार्यालय के समीप घटित हुआ.
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि तड़के चार युवक एक कार में सवार होकर मधेपुरा से कहीं जा रहे थे. इसी बीच जैसे ही कार बिजली विभाग के कार्यालय के समीप पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने सामने से टक्कर मार दी.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाइवा के नीचे जा घुसा. तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग सड़कों पर निकले और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई.
मधेपुरा नगर के थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की सहायता से सभी शवों को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. सभी मृतक मधेपुरा के ही रहने वाले बताए जा रहे है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद हाइवा चालक फरार हो गया. हाइवा और कार को जब्त कर लिया गया है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुबह कोहरा था, संभवतः कोहरे के कारण दो चालक एक दूसरे के वाहनों को नहीं देख सके और यह हादसा हो गया.
