मासूम से बेरहमी ! सड़क पर खेल रहे बच्चे को शख्स ने पीठ पर मारी लात, आईं गंभीर चोटें, घटना CCTV में कैद

BENGALURU

वायरल CCTV फुटेज से लिया गया स्क्रीनग्रैब (क्रेडिट: सोशल मीडिया)

The Hindi Post

मासूम से बेरहमी ! मां के साथ बैडमिंटन खेल रहे बच्चे को शख्स ने लात मारकर उछाला, आईं गंभीर चोटें, घटना CCTV में कैद

 

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सड़क पर खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे को एक व्यक्ति ने दौड़कर जोरदार लात मार दी. इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो अब सामने आया है.

यह मामला बेंगलुरु के त्यागराजनगर इलाके का है. जानकारी के अनुसार, 14 दिसंबर को पोस्टल रोड पर पांच वर्षीय नीव जैन अपने मामा के घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था. तभी पास में रहने वाला एक व्यक्ति अचानक दौड़ता हुआ आया और बिना किसी कारण बच्चे को फुटबॉल की तरह लात मार दी. लात लगते ही बच्चा सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से आराम से चला गया.

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की हरकत साफ दिखाई दे रही है. हमले के कारण बच्चे के चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद बच्चे को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया.

पीड़ित बच्चे की मां दीपिका जैन ने इस घटना की शिकायत बनशंकरी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है. शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान 35 वर्षीय रंजन के रूप में हुई है, जो उसी इलाके में रहता है.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेरोजगार है और मानसिक बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है. उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसने इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इस घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है. स्थानीय लोग और सोशल मीडिया यूजर्स बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!