घर में घुसे आवारा कुत्ते ने किया हमला, 84 वर्षीय महिला की मौत

stray dog attacks old woman inside home she dies (1)
The Hindi Post

घर में घुसे आवारा कुत्ते ने किया हमला, 84 वर्षीय महिला की मौत

 

त्रिशूर | केरल के त्रिशूर में गुरुवार शाम आवारा कुत्ते के हमले में 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 60 वर्षीय दिव्यांग बेटा इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शाम करीब 5:30 बजे महिला के घर पर हुई.

दरअसल, उम्र संबंधी बीमारियों के कारण बुजुर्ग महिला लंबे समय से बिस्तर पर थी. वो उठ नहीं पाती थी. गुरुवार शाम को वो घर पर ही थी. उनका मानसिक रूप से दिव्यांग बेटा भी वही था. अचानक कही से कुत्ता आ गया और उसने दोनों पर हमला कर दिया.

इस घटना का पता तब चला जब महिला का दूसरा बेटा, जो पास ही रहता है, अपनी मां और भाई के लिए खाना लेकर घर पहुंचा.

स्थानीय वार्ड पार्षद के मुताबिक, बुजुर्ग महिला का दूसरा बेटा खाना देकर कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया था. जब वह लौटा तो उसने भयावह दृश्य देखा.

उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया. उसका भाई भी घायल था. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बेटे ने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी. पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

मां और बेटे को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल बेटे की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया जा रहा है.

इस बीच स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी आवारा कुत्ते ने इससे पहले भी इलाके में एक अन्य व्यक्ति पर हमला किया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय लोगों ने उस आवारा कुत्ते को भी मार डाला है.

 

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!