अतीक के बेटे अबान को किया गया सुपुर्द-ए-खाक, जनाजा उठाते भावुक हुए उमर और अली

aban ahmed laid to rest prayagraj (1)
The Hindi Post

अतीक के बेटे अबान को किया गया सुपुर्द-ए-खाक, जनाजा उठाते भावुक हुए उमर और अली

 

प्रयागराज (यूपी) की कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शनिवार को अतीक अहमद के सबसे छोटे व पांचवें नंबर के बेटे अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया. अबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में दफनाया गया है. इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ-साथ जेल से पैरोल पर आए उसके बड़े भाई उमर और अली भी मौजूद थे. दोनों भाइयों ने कंधे पर जनाजा उठाया और जनाजे की नमाज भी अदा की. कंधा देते समय दोनों बेहद भावुक नजर आए. अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उमर और अली ने परिजनों से मुलाकात की.

अंतिम संस्कार के मद्देनजर कसारी-मसारी कब्रिस्तान के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. अतीक के बेटों के पहुंचने की खबर से भीड़ और बढ़ गई जिसे नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

पुलिसकर्मियों ने कड़े सुरक्षा घेरे में उमर और अली को कब्रिस्तान के भीतर पहुंचाया. इस दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया जिसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा. पूरे घटनाक्रम के दौरान कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुपुर्द-ए-खाक की प्रक्रिया संपन्न कराई गई.

गौरतलब है कि गत 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जाते समय हुए एक भीषण सड़क हादसे में अबान की मौत हो गई थी जिसके बाद से ही अतीक के परिवार और करीबियों में शोक का माहौल है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!