ताहिर हुसैन पर आखिर अरविंद केजरीवाल ने तोड़ी चुप्पी, क्या बोले ?

Arvind Kejriwal and Tahir Hussain (1) (1)
The Hindi Post

ताहिर हुसैन पर आखिर अरविंद केजरीवाल ने तोड़ी चुप्पी, क्या बोले ?

 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. दिल्ली दंगों और आईबी (IB) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में सोमवार को अदालत द्वारा ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद भाजपा लगातार ‘AAP’ पर हमलावर थी और केजरीवाल से जवाब मांग रही थी. अदालत के फैसले के करीब 20 घंटे बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर ताहिर हुसैन से पल्ला झाड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (AIMIM) पर तीखा जुबानी हमला बोला.

केजरीवाल का पलटवार: ‘बहुत पहले निकाल दिया था’

भाजपा नेता अमित मालवीय के एक पोस्ट का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “हमने उसे बहुत पहले ‘AAP’ से निष्कासित कर दिया था. क्या वह चंदा चोर पार्टी की सहयोगी संगठन में शामिल नहीं हो गया था?” यहां ‘AAP’ नेता राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी को लेकर भाजपा पर तंज कस रहे थे. वहीं ओवैसी की पार्टी को भाजपा की सहयोगी बताकर निशाना साध रहे थे.

2020 में ही रद्द कर दी गई थी सदस्यता

इससे पहले सोमवार को ही आम आदमी पार्टी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया था कि ताहिर हुसैन का अब पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. वर्ष 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों और अंकित शर्मा की हत्या के मामले में नाम सामने आने और प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के तुरंत बाद ही ताहिर हुसैन को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था.

अदालत ने ठहराया है दोषी

गौरतलब है कि दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार शाम को ही पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या, दंगा भड़काने और आपराधिक साजिश रचने समेत कई गंभीर मामलों में दोषी करार दिया था. इस फैसले के बाद से ही दिल्ली की सियासत एक बार फिर गरमा गई है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!