हैदराबाद में एक और ‘ऑनर किलिंग’, सरेआम दरांती से शख्स की गोदकर की हत्या

crime-scene-gfb26d39d4_640

सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)

The Hindi Post

हैदराबाद | हैदराबाद में एक और ‘ऑनर किलिंग’ का मामला सामने आया है। यह हत्या अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर हुई। ऐसा बताया जा रहा है कि लड़की के रिश्तेदारों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। शाहीनयथगंज थाना क्षेत्र के बेगम बाजार इलाके में मछली बाजार में नीरज कुमार पंवार (22) की शुक्रवार रात को दरांती से गोदकर हत्या कर दी गई। यह हत्या नीरज के पिता के सामने हुई।

नीरज कुमार अपने पिता राजेंद्र पंवार के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहा था। तभी हमलावरों ने उसके सिर पर ग्रेनाइट पत्थर से हमला कर दिया। जैसे ही वह नीचे गिरा, उन्होंने दरांती से उस पर कई वार किए।

नीरज कुमार पंवार ने करीब डेढ़ साल पहले अपने ही इलाके की रहने वाली संजना (20) से प्रेम विवाह किया था। संजना दूसरी जाति से थी। करीब डेढ़ महीने पहले उनका एक बच्चा हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन

संजना का परिवार शादी के खिलाफ था। वह पिछले छह महीने से नीरज की हत्या करने की योजना बना रहा था। एक हफ्ते तक उन्होंने नीरज की हर गतिविधियों पर नजर रखी। शुक्रवार को मौसम खराब होने की वजह से सड़क पर ज्यादा लोग नहीं थे। ऐसे में उन्होंने साजिश को अंजाम देने के लिए उचित समय समझा।

पांच बदमाश दो मोटरसाइकिल से आए और नीरज पर अचानक हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नीरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शनिवार को बेगम बाजार बंद करने का आह्वान किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, नीरज ने एक साल पहले पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी क्योंकि उसे पत्नी के परिवार से जान का खतरा था।

एक महीने के अंदर हैदराबाद में यह ‘ऑनर किलिंग’ का मामला है। अंतर-समुदाय शादी करने को लेकर चार मई को हैदराबाद के सरूरनगर में हत्या कर दी गई थी। बिल्लापुरम नागराजू (25) की उसकी पत्नी के सामने हत्या कर दी गई थी। यह हत्या नागराजू की पत्नी के भाई और अन्य रिश्तेदारों ने की थी।

नागराजू ने अशरीन सुल्ताना से इसी साल शादी की थी।

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!