शादी में आए इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, बारात में डांस करते-करते हुआ लापता और फिर कुएं….

jharkhand

गांव के एक कुएं से इंजीनियर का शव पाया गया( फोटो क्रेडिट : IANS)

The Hindi Post

एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आए एक इंजीनियर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई.

वह बुधवार की रात बारात के दौरान लापता हो गए थे. उनकी लाश गुरुवार सुबह एक कुएं में पाई गई. बताया गया कि 32 वर्षीय विकास उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में पोस्टेड थे.

वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के गांधीनगर के रहने वाले थे. वह अपने भाई के दोस्त की बारात में गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड के महूडंड गांव आए थे. बारात इसी जिले के सिंहपुर मर्चवार गांव गई थी.

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विकास अपने दोस्तों के साथ रात में बारात में डांस कर रहे थे. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए. उनके दोस्तों ने उन्हें फोन किया, पर संपर्क नहीं हो पाया. बाद में विकास के परिजनों को उनके लापता होने की जानकारी दी गई.

बंशीधरनगर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई. इसी बीच कुछ लोगों ने गांव के एक कुएं में एक व्यक्ति का शव देखा. शव की पहचान विकास के रूप में हुई. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बंशीधर नगर अनुमंडल के डीएसपी सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. इस बात की जांच की जा रही है कि विकास किसी हादसे का शिकार हुए हैं या फिर उनकी हत्या की गई है.

इस संबंध में विकास के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकता है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!