55 साल की महिला ने अपने 70 साल के प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने ऐसे किया खुलासा…
हत्यारोपी महिला और उसका कथित बॉयफ्रेंड पुलिस की गिरफ्त में (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
अमृतसर | अमृतसर जीआरपी पुलिस ने एक जघन्य हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है. ब्यास रेलवे ट्रैक के पास बीते दिन अज्ञात शव मिलने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. जीआरपी पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी. मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया.
जीआरपी थाना प्रभारी बलबीर सिंह घुम्मण ने बताया, “मृतक की पहचान कश्मीर सिंह के रूप में हुई है. शुरूआती जांच में पता चला कि उसकी मौत धारदार हथियार से की गई थी. गहन जांच में यह भी सामने आया कि कश्मीर सिंह की पत्नी बलविंदर कौर उर्फ बिंद्रो और उसके प्रेमी अमर सिंह ने मिलकर उसकी हत्या की और शव को ब्यास और बुट्टर के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया.“
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ के दौरान सामने आया कि बलविंदर कौर और अमर सिंह के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे. मृतक कश्मीर सिंह इसका विरोध करता था. ऐसे में उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई. हत्या के बाद, दोनों ने शव को मोटरसाइकिल से बांधकर रेलवे ट्रैक तक पहुंचाया और वहां फेंक दिया, ताकि इसे हादसा दिखाया जा सके. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से सबूत जुटाए और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
बलबीर सिंह घुम्मण ने आगे बताया, “आरोपी अमर सिंह की उम्र लगभग 70 साल है, जबकि बलविंदर कौर की उम्र 50 से 55 साल के बीच है. दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिमांड के दौरान और भी अहम सुराग मिलने की संभावना है.
