गौतम अडानी पर अमेरिका में लगे आरोपों पर अमित शाह ने दी पहली प्रतिक्रिया

Amit Shah (4)

अमित शाह की फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अडानी रिश्वत मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सरकार मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर कार्रवाई नहीं करती बल्कि दस्तावेजों के आधार पर कदम उठाएगी. उन्होंने कहा, “सरकार मीडिया रिपोर्ट्स पर नहीं चलती. जब हमारे पास दस्तावेज आएंगे तब कार्रवाई की जाएगी.” यह टिप्पणी उस समय आई है जब विपक्ष लगातार अडानी के मामले पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है.

टीवी प्रोग्राम ‘एजेंडा आज तक’ में जब अमित शाह से पूछा गया कि गौतम अडानी पर अमेरिका में जो आरोप लगे हैं उनको भारत का गृह मंत्रालय कैसे देखता है? इस पर अमित शाह ने कहा, “किसी और देश की कोर्ट में कोई आरोप लगे हैं. ऐसे में कोई भी सरकार उन आरोपों की मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर काम नहीं कर सकती. दुनिया की कोई भी सरकार ऐसा नहीं कर सकती है. जब हमारे पास कागज आएंगे.. इसका अध्ययन होगा… तब देखेंगे.”

गौतम अडानी पर क्या हैं आरोप?

अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से गौतम अडानी पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं के ठेके हासिल करने के लिए रिश्वत देने और अमेरिकी निवेशकों को गलत वित्तीय जानकारी देने का आरोप लगाया गया है. अडानी समूह ने इन आरोपों को पूरी तरह “निराधार” बताते हुए कहा है कि वे इस मामले को कानूनी तरीके से निपटाएंगे.

बता दे कि विपक्ष इस मामले को लेकर केंद्र सरकार को लगातार घेर रहा है और अडानी के खिलाफ तत्काल जांच की मांग कर रहा है. हालांकि, अमित शाह ने साफ कर दिया है कि कार्रवाई दस्तावेजों के आधार पर ही होगी.

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!