‘फिलिस्तीन’ लिखा हैंडबैग लेकर संसद पहुंचीं प्रियंका गांधी, फोटो वायरल
प्रियंका गांधी (फाइल फोटो | आईएएनएस)
नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में वह ‘फिलिस्तीन’ लिखा बैग लिए हुए दिख रही है. प्रियंका गांधी यह बैग लेकर संसद पहुंची थी.
इस बैग पर शांति का प्रतीक सफेद कबूतर और तरबूज भी बना है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बैग के जरिए सीधा मैसेज दिया है कि वह फिलिस्तीन के सपोर्ट में खड़ी हैं.
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब प्रियंका गांधी ने फिलिस्तीन का समर्थन किया हो. इससे पहले वह फिलिस्तीन के पक्ष में कई बार आवाज उठा चुकी हैं. इतना ही नहीं प्रियंका गांधी ने भारत सरकार से फिलिस्तीन के साथ खड़े होने की वकालत भी की थी.
अब प्रियंका गांधी के इस बैग को लेकर सियासी बवाल मच गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी यह फोटो वायरल हो रही है. इस पर सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट कर रहे हैं.
शिवम त्यागी नाम के एक यूजर ने लिखा, ”प्रियंका गांधी फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर पहुंची हैं संसद में, क्या कहना चाहेंगे आप?”

एक अन्य यूजर ने लिखा, ”आज संसद में प्रियंका गांधी फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर पहुंचीं. मतलब साफ है कांग्रेस को इतनी दूर के मुस्लिमों की चिंता है, पड़ोसी हिंदू बांग्लादेशियों की नहीं. अभी भी नहीं पहचान पाए तो फिर कभी नहीं.”
पुरोहित नाम के यूजर ने लिखा, ”फिलिस्तीन के समर्थन में प्रियंका गांधी. लगता है ओवैसी के साथ गठबंधन हो सकता है.”
हाल ही में प्रियंका गांधी ने फिलिस्तीन के राजदूत अबेद एलराजेग अबू जाजेर से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी को केरल के वायनाड से लोकसभा उपचुनाव में जीत की बधाई दी थी. उन्होंने राजदूत के साथ बैठक के दौरान गाजा में चल रही इजरायली सेना की कार्रवाइयों की निंदा की थी.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
