खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऊपर से बना दिया पक्का फर्श
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऊपर से बना दिया पक्का फर्श
आगरा | उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर अपने 44 वर्षीय पति की हत्या कर उनके शव को (घर के) बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया. इतना ही नहीं, आरोपी महिला करीब 45 दिनों तक पति की गुमशुदगी का नाटक भी करती रही. हालांकि, पुलिस की एक रूटीन तफ्तीश के दौरान इस खौफनाक हत्याकांड का भंडाफोड़ हो गया.
पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी शर्मा को हिरासत में ले लिया है. मृतक की पहचान सुरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है जो अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ डहतोरा इलाके में रहते थे. इस मामले में 26 मई को सिकंदरा थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी को करीब 16 साल हो चुके थे. घटना वाले दिन रूबी ने कथित तौर पर अपनी दोनों बेटियों को सुरेंद्र के बड़े भाई के घर भेज दिया था. इसके बाद उसने अपने पति को नींद की गोलियां मिली हुई खीर खिला दी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब सुरेंद्र बेहोश हो गए तो रूबी ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी. अगले दिन सुबह उसने कथित तौर पर बाथरूम में एक गड्ढा खोदा, शव को उसमें दफनाया और अपराध को छिपाने के लिए ऊपर से पक्का सीमेंटेड फर्श बनवा दिया.
अगले 45 दिनों तक रूबी रिश्तेदारों और पड़ोसियों के सामने यही कहती रही कि उसके पति घर छोड़कर कहीं चले गए हैं. जब भी कोई सुरेंद्र के बारे में पूछता, वह उनके वियोग में रोने का नाटक करने लगती थी.
इस हत्या का खुलासा तब हुआ जब पुलिस की एक टीम सुरेंद्र से जुड़े एक पुराने मामले में रूटीन वेरिफिकेशन (सत्यापन) के लिए उनके घर पहुंची. वहां पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नोटिस किया कि रूबी काफी घबराई हुई थी और उसने आनन-फानन में अपने जेठ को भी घर बुला लिया.
सुरेंद्र के बड़े भाई को पहले से ही अपने भाई के अचानक लापता होने और रूबी के व्यवहार पर शक था. इसलिए उन्होंने अपनी आशंकाएं पुलिस के सामने रख दीं. इसके बाद जब पुलिस ने रूबी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया और वह जगह बताई जहां शव को दफनाया गया था. पुलिस ने तुरंत बाथरूम का फर्श खुदवाया, सुरेंद्र का शव बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
आगरा के हरीपर्वत सर्कल की एसीपी अमीषा ने कहा कि सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट 26 मई को दर्ज की गई थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुरेंद्र की पत्नी ने ही कथित तौर पर उनकी हत्या की थी और शव को बाथरूम के फर्श के नीचे गाड़कर ऊपर से प्लास्टर करवा दिया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
