युद्ध विराम के बाद कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया, सरकार के सामने रखी ये दो मांगे
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (फोटो क्रेडिट: IANS)
नई दिल्ली | भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को तत्काल प्रभाव से पूर्ण युद्ध विराम पर सहमति बन गई. युद्ध विराम पर सहमति के बाद कांग्रेस ने सरकार से सर्वदलीय बैठक और पिछले दिनों के घटनाक्रम पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है.
कांग्रेस महासचिव और पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने युद्ध विराम की घोषणा के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अभूतपूर्व घोषणा के मद्देनजर अब पहले से कहीं ज्यादा इन चीजों की जरूरत है – एक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लिया जाए. दूसरा, पहलगाम में निर्मम आतंकवादी हमले से लेकर पिछले 18 दिन के घटनाक्रम और भविष्य की राह पर चर्चा तथा सामूहिक संकल्प दिखाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए.”
इससे पहले, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने एक बेहद छोटे और नपे-तुले बयान में युद्ध विराम की घोषणा की. उन्होंने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे से युद्ध विराम लागू हो गया है. भारत ने अपनी शर्तों पर सीजफायर किया है. अब 12 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ दोबारा बैठक करेंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर बताया था कि अमेरिका की मध्यस्थता में रात को चली लंबी वार्ता के बाद भारत और पाकिस्तान “पूर्ण तथा तत्काल” युद्ध विराम पर सहमत हुए हैं.
IANS
