अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, तेज धार वाले हथियार से किया गया हमला
सांकेतिक तस्वीर (फोटो : आईएएनएस)
अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, तेज धार वाले हथियार से किया गया हमला
नई दिल्ली | बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आसिफ कुरैशी की गुरुवार देर रात हत्या कर दी गई थी. यह हत्या पार्किंग विवाद के चलते हुई.
घटना गुरुवार देर रात करीब 9 बजे निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार लेन में हुई. दिल्ली पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय आसिफ कुरैशी पर उस समय तेज धार हथियार (पोकर) से हमला किया गया जब उन्होंने दो लोगों से कहा कि वे घर के गेट के पास खड़ी स्कूटर हटा ले.
पुलिस ने बताया कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और इसने हिंसक रूप ले लिया. दोनों आरोपी उस समय वहां से चले गए लेकिन आसिफ को धमकी दे गए कि वे वापस आएंगे. वे कुछ समय बाद तेज धार वाले हथियार लेकर लौटे और उन पर हमला कर दिया.
पुलिस को 7 अगस्त को रात लगभग 10:30 बजे घटना की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने आसिफ को गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पाया. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी चोटों के कारण मृत्यु हो गई.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत एक एफआईआर (संख्या 233/25) दर्ज की है. आरोपियों की पहचान उज्जवल (19) और गौतम (18) के रूप में हुई है, जो दोनों दीनेश के बेटे हैं और उसी इलाके (चर्च लेन, भोगल) के निवासी हैं. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है.
पुलिस ने कहा, “झगड़े के दौरान एक आरोपी ने पीड़ित के सीने पर तेज हथियार से हमला किया जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई. जांच अभी जारी है.”
आसिफ कुरैशी की पत्नी ने आईएएनएस से बातचीत में साजिश के तहत घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “मेरे पति को जानबूझकर और साजिश के तहत मारा गया है. यह सिर्फ झगड़ा नहीं था यह इरादतन हत्या थी.”
IANS
