डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनते ही कार्रवाई शुरू: अमेरिका में पकड़े गए 500 से ज्यादा घुसपैठिये, मिलिट्री एयरक्राफ्ट…….

Illegal immigrants being deported from US (1)

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

अमेरिका में 500 से ज्यादा ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध घुसपैठ करके आए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता संभालने के बाद से ही इसे लेकर ऐक्शन तेज है। वाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट का कहना है कि गिरफ्तार 538 लोगों में से सैकड़ों लोग ऐसे हैं, जिन्हें अमेरिका से बाहर कर दिया गया है। इन्हें एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट में बिठाकर बाहर छोड़ा गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने के लिए एक आदेश पर साइन भी किए हैं। इस कानून में कहा गया है कि बीते 4 सालों में अमेरिका में अवैध प्रवासियों की बाढ़ सी आ गई है। इन लोगों को बाहर निकालने की जरूरत है ताकि अमेरिकी संसाधनों का इस्तेमाल यहीं के लोगों के लिए किया जा सके।

आदेश में कहा गया है, ‘लाखों प्रवासी अवैध रूप से सीमा में प्रवेश कर आए हैं। ये लोग सीधे फ्लाइट लेकर आए हैं या फिर कमर्शल फ्लाइट से चले आए हैं। अब ये अमेरिका के अलग-अलग इलाकों में बसे हुए हैं। यह सब अमेरिका के कानूनों का उल्लंघन करते हुए हुआ है।’ इसके आगे आदेश में ऐसे लोगों को अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया है। आदेश में कहा गया, ‘ये अवैध प्रवासी राष्ट्रीय सुरक्षा और पब्लिक सेफ्टी के लिए खतरा बन गए हैं। इसके अलावा निर्दोष अमेरिकी इनके द्वारा किए गए अपराधों का शिकार हो रहे हैं।’ बता दें कि 23 जनवरी को ही अमेरिकी कांग्रेस ने लेकन रिले ऐक्ट को मंजूरी दी है, जो यह तय करता है कि गलत दस्तावेजों के साथ अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को बाहर किया जाए।

डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से ही अवैध प्रवासियों के खिलाफ ऐक्शन जारी है। बीते तीन दिनों के अंदर ही सैकड़ों अवैध प्रवासियों को अरेस्ट किया गया है। यह पूरा ऐक्शन डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद हुआ है। पूरे आंकड़े बताते हुए वाइट हाउस के सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने कहा कि अमेरिकी एजेंसियों ने 538 लोगों को अरेस्ट किया है। इनमें से सैकड़ों लोग बाहर भेज भी दिए गए हैं। उनका कहना है कि यह अमेरिका के इतिहास में सबसे बड़ा ऑपरेशन है, जिसके तहत बड़े पैमाने पर लोगों को निकाला जाएगा। हमने वादा किया था और अब उसे पूरा किया जा रहा है। इसके बारे में वाइट हाउस ने भी ट्वीट करके पूरे ऐक्शन की डिटेल में जानकारी दी है।

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!