पहलगाम में आतंकी हमले के एक दिन बाद कश्मीर में फिर बड़ी साजिश, बारामूला में…

INDIAN ARMY

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

बारामूला | जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया है. भारतीय सेना ने सोशल मीडिया के जरिए बुधवार को यह जानकारी दी है. यह कार्रवाई पहलगाम आतंकवादी हमले के एक दिन बाद की गई है.

भारतीय सेना ने कहा कि बुधवार को मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब लगभग दो-तीन आतंकवादी बारामूला के उरी नाला में सरजीवन के सामान्य क्षेत्र से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे.

भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दो से तीन आतंकवादी बारामूला के उरी नाला में सरजीवन के सामान्य क्षेत्र से घुसपैठ का प्रयास कर रहे थे. नियंत्रण रेखा पर सतर्क टीपीएस ने उन्हें चुनौती दी और रोक दिया. इसके कारण सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भारी गोलीबारी हुई, जिसमें दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है. आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और युद्ध से संबंधित अन्य सामान बरामद किया गया है. ऑपरेशन जारी है.”

बता दें कि बारामूला में यह मुठभेड़ जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक पर्यटक स्थल पर हुए घातक हमले के एक दिन बाद हुई है, जिसमें कम से कम 16 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में यह आतंकी हमला बैसरन घास के मैदान में हुआ, जिसे लोकप्रिय रूप से ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहा जाता है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!