उत्तराखंड बस हादसा: अब तक 25 शव बरामद, कई लोग अब भी लापता, सीएम धामी ने संभाला मोर्चा

Uttarakhand Bus Accident (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

कोटद्वार | उत्तराखंड के पौड़ी में एक बड़ा हादसा हो गया है. पौड़ी जिले के बीरोंखाल में सीमडी बैंड के पास एक तेज रफ्तार बस नयार नदी में जा गिरी. यह घटना मंगलवार शाम को घटी. इस हादसे में लगातार मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. हादसे में अब तक 25 शव बरामद कर लिए गए हैं.

बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक बाराती सवार थे. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने वाली टीम ने अभी तक 25 शवों को निकल लिया है. अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थी. मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है क्योंकि अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.

विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, पौड़ी जिले में बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंच गए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने डीएम पौडी से फोन पर बात कर उन्हें पूरी सतर्कता के साथ राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिये.

उन्होंने राज्य आपदा कंट्रोल रूम के अधिकारियों को हालात पर लगातार नजर बनाए रखने और जिले के अधिकारियों से लगातार सम्पर्क में रहने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि शासन स्तर से हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराई जाए. मुख्यमंत्री ने फोन पर लैंसडाउन विधायक से भी बात की है.

विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए घायलों का हर संभव उपचार की व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय के साथ तेजी लाये जाने के निर्देश दिये है. मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा डॉ. रणजीत सिन्हा को निर्देश दिये कि आपदा प्रबन्धन तंत्र को निरन्तर सक्रियता से संचालित किया जाए तथा आपदा की स्थिति पर बराबर नजर रखी जाय.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद समस्त तैयारियों को देख रहे हैं. सल्ट से एसडीएम और ऐंबुलेंस, लाईट, बचाव उपकरण, रामनगर से दो ऐंबुलेंस, हल्द्वानी से एक एम्बुलेंस और राहत और बचाव कार्य से सम्बंधित राहत सामग्री मौके पर भेजी गई है. रामनगर और हल्द्वानी के अस्पताल में तैयारियां कर ली गई हैं. डीएम नैनीताल और अल्मोड़ा खुद व्यवस्था में लगे हैं. मुख्यमंत्री ने अपने बुधवार के पूर्व प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये हैं.

 

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!