कितनी संपत्ति है दिल्ली की CM आतिशी मार्लेना के पास, जानकारी आई सामने
Photo: X/AAP
नई दिल्ली | दिल्ली के कालकाजी सीट से चुनाव लड़ रही सीएम आतिशी और कांग्रेस की अल्का अलका लांबा ने अपनी-अपनी सम्पत्तियों का खुलासा किया है. आतिशी की संपत्ति में पिछले पांच सालों में 28.66 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. उनकी संपत्ति की कुल कीमत 76 लाख से ज्यादा है.
खास बात यह है कि उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और मात्र 10 ग्राम सोने के जेवर हैं. उनके पास अपना कोई भी वाहन नहीं है. इसके साथ ही नामांकन पत्र के साथ लगाए गए एफिडेविट में उन्होंने अपने खिलाफ आपराधिक मानहानि के दो लंबित मामलों की जानकारी दी है. इन मामलों में उन्हें अब तक दोषी नहीं ठहराया गया है.
आतिशी ने बताया कि उनके पास मात्र 30 हजार रुपये नकद हैं. उनके तीन बैंक खाते हैं. SBI के फ्लाईओवर मार्केट, डिफेंस कॉलोनी ब्रांच के बचत खाते में 19,93,512 रुपये और एफडी में 32,85,459 रुपये हैं.
ICICI बैंक के भोगल ब्रांच के बचत खाते में 15,10,790 रुपये और एफडी में 7,53,613 रुपये और ICICI बैंक के कालकाजी मेन रोड ब्रांच वाले बचत खाते में 20 हजार रुपये हैं.
आधिकारिक दस्तावेज में आतिशी ने अपने नाम के साथ मार्लेना लिखा है. हालांकि पिछले कुछ समय से वह सिर्फ आतिशी लिखती हैं.
गौरतलब है कि उन्होंने 2020 में खुद को तृप्ता वाही की बेटी और पता जंगपुरा एक्सटेंशन का लिखा था. इस बार उन्होंने खुद को विजय कुमार सिन्हा की बेटी लिखा है और कालकाजी का पता दिया है.
पिछले चुनाव में आतिशी ने जीवनसाथी के कॉलम में प्रवीण सिंह का नाम दिया था. इस बार उन्होंने इसमें ‘निल’ लिखा है. सोशल मीडिया पर खबरों के मुताबिक, प्रवीण सिंह IIT और IIM से पढ़ाई कर चुके हैं और सात साल तक उन्होंने आतिशी के साथ मप्र में शिक्षा सुधार के क्षेत्र में काम किया था.
आतिशी के खिलाफ चुनाव लड़ रही कांग्रेस की अलका लांबा ने बताया है कि उनके पास 61.12 लाख रुपये की संपत्ति हैं. उनके एक डिपेंडेंट के पास 14.36 लाख रुपये की चल संपत्ति है.
इसके अलावा, लांबा के पास गुरुग्राम में 80 लाख की कीमत का 500 वर्ग फुट का व्यावसायिक फ्लैट है. दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन-1 में लांबा ने दो करोड़ रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति भी घोषित की है. लांबा खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताती है. उनकी आय का जरिया कंसल्टेंसी है.
लांबा ने 2003 और 2005 में यूपी के झांसी से एप्लाइड केमिस्ट्री में एमएससी और शिक्षा में मास्टर्स किया है, जबकि आतिशी के पास ऑक्सफोर्ड यूनीवर्सिटी से विज्ञान में मास्टर डिग्री है. यह डिग्री उन्हें 2006 में मिली. आतिशी के हलफनामे में उनके पेशा “राजनेता, दिल्ली की मुख्यमंत्री” है और आय का जरिया वेतन बताया गया है.
आईएएनएस
