यूपी : लोकप्रियता हासिल करने के लिए डॉक्टर ने रची थी ‘सिर तन से जुदा’ धमकी की साजिश, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
डॉक्टर अरविंद अकेला
गाजियाबाद | गाजियाबाद के रहने वाले डॉ. अरविन्द वत्स अकेला को 9 सितंबर को WhatsApp पर मिली धमकी के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
दरअसल, 9 सितंबर को डॉ. अरविंद अकेला ने पुलिस में एक FIR दर्ज कराई थी. इस FIR में उन्होंने यह शिकायत की थी कि उन्हें विदेशी नंबरों से WhatsApp पर कॉल आ रहा है जिसमें कहा जा रहा है कि हिंदू संगठनों का सहयोग करने पर ‘सिर तन से जुदा कर दिया जाएगा’.
यह मामला सामने आते ही पुलिस भी हरकत में आ गई थी. अब जो खुलासा हुआ है वह चौंकाने वाला है. सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए ही डॉ अरविंद अकेला ने अपने क्लाइंट के साथ मिलकर यह सब किया खेल रचा था.
डॉ. अकेला ने अपने एक परिचित से खुद को कॉल करवाई थी. पुलिस ने कॉल करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और अब डॉक्टर पर भी कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल, पूरे मामले में पुलिस ने अनीश महतो नामक युवक को गिरफ्तार किया है. अनीश ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह डॉक्टर अरविंद अकेला को पहले से ही जानता है और किसी के माध्यम से उनके पास अपना इलाज कराने के लिए गया था. क्योंकि अनीश आईटी सेक्टर से जुड़ा हुआ है तो ऐसे में डॉक्टर ने उसे विदेशी नंबरों के द्वारा कॉल करने की बात पूछी.
इसके बाद अनीश ने डॉक्टर को विदेशी नंबर से कॉल भी किया. डॉक्टर ने लोकप्रियता पाने के लिए मीडिया एवं पुलिस में यह अफवाह फैला दी कि उसको हिंदू संगठनों का सहयोग करने के चलते विदेशी नंबरों से धमकाया जा रहा है और सिर तन से जुदा करने की धमकी दी जा रही है.
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि डॉ अरविंद अकेला ने आरोप लगाया था कि उन्हें WhatsApp कॉल आ रही है और कॉल करने वाला उनका ‘सिर तन से जुदा करने’ की बात कर रहा है. लेकिन जैसे ही पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू की मामला परत दर परत खुलता चला गया और आखिर में पुलिस ने अनीश को धर दबोचा. पुलिस पूछताछ में अनीश ने पूरा मामला खोल कर रख दिया. अब पुलिस अनीश के साथ-साथ डॉ अरविंद अकेला पर भी कानूनी कार्रवाही की बात कह रही है.
आईएएनएस
