मुंबई दौरे के दौरान अमित शाह की सुरक्षा में लापरवाही, गृहमंत्री के आसपास घूमता रहा संदिग्ध शख्स, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amit Shah In Mumbai

Photo: Twitter/Devendra Fadnavis

The Hindi Post

नई दिल्ली | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है. मुंबई दौरे के दौरान एक संदिग्ध शख्स खुद को सांसद का पीए बताकर अमित शाह के आसपास घंटों घूमता रहा. मुंबई पुलिस ने फिलहाल उस संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 सितंबर को मुंबई दौरे पर थे. इस दौरान अमित शाह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बंगले पर गए थे. उसी दौरान दोनों जगह एक संदिग्ध व्यक्ति लगातार बंगलों के आसपास घूमता रहा. यही नहीं वह बंगले के भीतर भी दाखिल हुआ.

सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने खुद को आंध्र प्रदेश के सांसद का पीए बताया था और अमित शाह के काफी नजदीक पहुंच गया था. इसके बाद गृह मंत्रालय के अधिकारियों को शक हुआ, तो मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

विज्ञापन
विज्ञापन

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने हेमंत पवार नाम के उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. हेमंत पवार, धुले (महाराष्ट्र) का रहने वाला बताया जा रहा है. मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हेमंत पवार ने गृह मंत्रालय का कार्ड भी लगाया हुआ था और खुद को एक सांसद का पीए बताकर अमित शाह के आसपास घूमता रहा.

फिलहाल हेमंत पवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 12 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. अब मुंबई पुलिस जांच कर रही है, कि आखिर पकड़े गए शख्स के पास गृह मंत्रालय का कार्ड कहाँ से आया?

इसकी भी जांच की जा रही है कि हेमंत, अमित शाह के आसपास क्यों घूम रहा था. उसका क्या मकसद था.

वहीं गृह मंत्रालय के अधिकारी भी मुंबई पुलिस के संपर्क में हैं और पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है.

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!