NEET मेडिकल परीक्षा के दौरान छात्राओं को अंतःवस्त्र उतारने के लिए कहा गया, पुलिस से शिकायत दर्ज
प्रतीकात्मक फोटो (फोटो सोर्स: फ्रीपिक)
तिरुवनंतपुरम | रविवार को केरल के एक परीक्षा केंद्र में राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) (NEET Medical Exam) में शामिल होने वाली छात्राओं को अपने इनरवियर को उतारने के लिए कहने के बाद उनके माता-पिता नाराज हो गए है ओर उन्होंने पुलिस ने शिकायत दर्ज करवाई है.
जिस छात्रा के साथ यह कथित घटना हुई उसके नाराज माता-पिता ने सोमवार को एक बयान में कहा कि जो हुआ वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और उनके पास शिकायत करने के अलावा और कोई विकल्प ही नहीं बचा था.
उन्होंने कहा, “हमने बेटी को दोपहर 12 बजे के करीब परीक्षा केंद्र पर छोड़ दिया था. थोड़ी देर बाद में हमें परीक्षा अधिकारियों द्वारा एक शॉल उपलब्ध करवाने को कहा गया. परीक्षा के बाद बेटी के बाहर आने के बाद ही हमें पता चला की शॉल क्यों मांगा गया था और यह पूरा मामला क्या था. शायद उसके इनरवियर में कोई धातु की वस्तु थी जिसका उन्हें स्क्रीनिंग के दौरान पता चला था. उसे और कई अन्य छात्राओं को इस तरह के इनरवियर को हटाने के लिए कहा गया और उसके बाद ही उन्हें परीक्षा देने की अनुमति दी गई. यहां तक कि जिस कॉलेज में परीक्षा हुई, उन्होंने कहा कि इस सब में उनकी कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने कहा कि यह सब एक एजेंसी द्वारा किया गया था जिसे परीक्षा के संचालन का जिम्मा सौंपा गया था.”

कैंडिडेट के माता-पिता ने कहा कि जिन उम्मीदवारों को इस तरह के अपमान से गुजरना पड़ा, वे सभी भारी दबाव में थे और वे केंद्र पर उपस्थित अधिकारियों के इस असंवेदनशील व्यवहार के कारण परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए.
एनएसयूआई की स्टेट विंग के अध्यक्ष के.एम. अभिजीत ने कहा कि गलत करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि छात्रों ने घटना के विरोध में उस संस्थान की ओर विरोध मार्च निकाला (जहां यह घटना हुई थी).
संस्था ने इस घटना से मुंह मोड़ लिया है और जो कुछ हुआ उसके लिए परीक्षा कराने वाली एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया.
स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
