कुत्ते के भौंकने पर गुस्से से तिलमिलाए शख्स ने 3 लोगों पर लोहे की रॉड से किया हमला, कुत्ते के सर पर भी मारी रॉड
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी में हुई एक अजीबोगरीब घटना में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के पालतू कुत्ते के भौंकने से परेशान होकर लोगों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह पश्चिम विहार इलाके की है.
पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा कि, रविवार सुबह पश्चिम विहार पूर्व पुलिस स्टेशन में झगड़े के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी.
डीसीपी ने कहा, “जांच के दौरान यह पाया गया कि धर्मवीर दहिया नाम का एक व्यक्ति सुबह सड़क पर टहल रहा था. तभी ए ब्लॉक पश्चिम विहार के एक निवासी का पालतू कुत्ता भौंकने लगा. इस पर दहिया ने कुत्ते को पूंछ से उठाकर दूर फेंक दिया.”
जब कुत्ते के मालिक रक्षित (25) ने यह देखा, तो उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया, जिससे उनके और दहिया के बीच मामूली हाथापाई हो गई.

इस हाथापाई के दौरान कुत्ते ने दहिया को काट लिया.
डीसीपी ने कहा, “कुछ देर बाद धरमवीर दहिया लोहे का पाइप लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्ते के सिर पर बेरहमी से वार कर दिया.”
घटना के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हेमंत नाम के एक 53 वर्षीय पड़ोसी ने कुत्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन दहिया ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया. दहिया यही नहीं रुका. उसने पालतू कुत्ते के सर पर भी रोड मार दी. इससे कुत्ते को गंभीर चोट आई और वो बेहोश हो गया.
Day light violence in Delhi paschim vihar A4 block.
This man attacked multiple people including a woman and a dog @narendramodi @DelhiPolice @CPDelhi @PMOIndia @ArvindKejriwal @AamAadmiParty @BJP4India @peta #AnimalAbuse #Attack #attempttomurder @ndtvvideos @ndtvindia pic.twitter.com/tsusXkZCDA— Mohit Mohlia (@MohitMohlia) July 3, 2022
यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. थोड़ी ही देर में कुत्ता होश में आ जाता है पर उसको दर्द से कराहते हुए वीडियो में देखा जा सकता है.
इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका.
डीसीपी शर्मा ने कहा, “बाद में धरमवीर पालतू जानवर के मालिक रक्षित के घर में घुस गया और वह से उस लोहे की पाइप लेकर वापस जाने लगा जिसे उसने हमला किया था. इस दौरान उसने रेणु उर्फ यशोदा नाम की 45 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया.”
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के लिए सजा), 341 (गलत तरीके से रोक लगाने की सजा) और 451 (कारावास से दंडनीय अपराध करने के लिए घर-अतिचार) व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

अधिकारी ने कहा कि सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और घटना की जांच की जा रही है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से पशु प्रेमी दहिया के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
आईएएनएस
