पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी का मामला: नूपुर शर्मा को मुम्ब्रा पुलिस ने 22 जून को किया समन

Nupur Sharma
The Hindi Post

भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को ठाणे के मुम्ब्रा पुलिस स्टेशन ने 22 जून को उसके समक्ष हाजिर होने के लिए समन भेजा है. दरअसल, नूपुर के खिलाफ, पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने को लेकर मुम्ब्रा में मामला दर्ज किया गया है. उन्हें पुलिस ने अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है.

पिछले दिनों नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर बयान दिया था. इसको लेकर काफी विवाद खड़ा हो गया था. नूपुर के बयान की अरब देशों ने निंदा की थी. बीजेपी ने नूपुर को पहले ही निलंबित कर दिया था और एक बयान में कहा था कि पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है.

विज्ञापन
विज्ञापन

नूपुर शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र में तीन मामले दर्ज किये गए है जिसमें से एक मामला मुम्ब्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है. मुंब्रा पुलिस स्टेशन में शर्मा के खिलाफ IPC की धारा 295ए, 153ए (समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 153 बी, 298 और और 505 (2) (विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घॄणा या वैमनस्य की भावनाएं पैदा करने के आशय से झूठे बयान आदि फैलाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. मुम्ब्रा पुलिस ने अब नूपुर को पूछताछ के लिए बुलाया है जहाँ उनके बयान दर्ज किये जायेंगे.

उधर दिल्ली पुलिस ने नूपुर शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस ने नूपुर और उनके परिवार को सुरक्षा दी है. नूपुर द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर बयान देने के बाद से ही उनको धमकियां मिलने लगी थी. इस पर नूपुर ने अपनी शिकायत दिल्ली पुलिस से की थी और उनको बताया था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी और नूपुर और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!