हेलीकॉप्टर हादसे में जान गवाने वाले लोगों के पार्थिव शरीरों को ला रही एंबुलेंस को दी गई पुष्पांजलि

Ambulance
The Hindi Post

चेन्नई | तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को जान गवाने वाले सभी 13 लोगों के पार्थिव शरीर जब कोयंबटूर के समीप सुलुर वायु सेना स्टेशन पर लाए जा रहे थे तब स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस पर पुष्पवर्षा की। ऐसा करके उन्होंने अपनी श्रद्धाजंलि दी। इस दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत तथा 11 अन्य सैन्यकर्मियो का बुधवार को निधन हो गया था।

सुलुर वायु सेना स्टेशन की तरफ जाने वाली सड़कों पर लोगों का जमावड़ा देखा गया और उन्होंने पार्थिव शरीरों को ले जा रही एंबुलेंस पर पुष्पांजलि अर्पित की। इनके पार्थिव शरीर पहले वेलिंगटन में मद्रास रेजिमेंटल सेंटर में रखे गए थे जहां तमिलनाडु की राज्यपाल और पुडुचेरी की उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदराराजन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मद्रास रेजिमेंटल सेंटर से सुलुर वायु सेना स्टेशन की दूरी 87 किलोमीटर है और यातायात में किसी भी तरह के व्यवधान को रोकने के लिए यातायात मार्ग में परिवर्तन किया गया था। सुलुर वायु सेना स्टेशन से पार्थिव शरीर उनके पैतृक स्थानों पर ले जाएंगे जहां उनका अंतिम संस्कार होगा। जनरल रावत और उनकी पत्नी के पार्थिव शरीर उनके आधिकारिक आवास नयी दिल्ली में कामराज मार्ग पर लाए जाएंगे ताकि लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, अन्य दलों के नेताओं तथा सैन्य बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के जनरल रावत को पुष्पांजलि अर्पित करने की संभावना है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!